दिल्ली से लखनऊ तक बनेगा नया ग्रीन एक्सप्रेसवे
गाजियाबाद। देश की राजधानी दिल्ली से प्रदेश की राजधानी लखनऊ तक अब नया ग्रीन एक्सप्रेसवे बनेगा। डासना में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के इंटेलीजेंट ट्रंासपोर्ट सिस्टम (आईटीएस) की मॉनिटरिंग सेंटर बिल्डिंग के उद्घाटन में पहुंचे केंद्रीय राजमार्ग एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने इसकी घोषणा की। उन्होंने नए ग्रीन एक्सप्रेसवे के लखनऊ से कानपुर तक के पहले चरण का भूमि पूजन और शिलान्यास 10 दिन में होने की बात कही। उन्होंने चिपियाना स्थित निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण कार्य का निरीक्षण भी किया।
गाजियाबाद से कानपुर तक होगा दूसरा चरण
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि ग्रीन एक्सप्रेसवे का निर्माण पूरा होने से दिल्ली और लखनऊ की दूरी चार घंटे से कम समय और कानपुर से लखनऊ की दूरी 40 मिनट में पूरी की जा सकेगी। एक्सप्रेसवे गाजियाबाद से होकर गुजरेगा। गाजियाबाद से कानपुर तक के दूसरे चरण के लिए अध्ययन जारी है। अध्ययन के बाद भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
कई बाईपास और एलिवेटेड रोड बनेगी
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि ग्रीन एक्सप्रेसवे प्रदेश के कई बड़े व्यस्ततम शहरों से होकर गुजरेगा। ऐसे में शहरों के बीच जगह का अभाव देखते हुए शहरों के बाहर से कई बाईपास बनाए जाएंगे। साथ ही जरूरत पड़ने पर मार्ग में एलिवेटेड रोड का निर्माण भी किया जाएगा। इससे मार्ग की दूरी घटेगी।