फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लापता अकाउंटेंट की हत्या, पैर बांधकर गंगनहर में शव फेंका

विज्ञापन
विज्ञापन
लापता अकाउंटेंट की हत्या, पैर बांधकर गंगनहर में शव फेंका
विज्ञापन

गाजियाबाद/मुरादनगर। पांच दिन से लापता मुरादनगर निवासी अकाउंटेंट राजकुमार वर्मा (40) की हत्या कर शव गंगनहर में फेंकने का मामला सामने आया है। शुक्रवार सुबह अकाउंटेंट का शव मसूरी गंगनहर से बरामद हुआ तो उसके पैर बंधे मिले। इसके अलावा हाथ की हड्डी टूटी हुई थी और माथे पर गंभीर चोट का निशान था। वहीं, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट होने पर कार्रवाई की जाएगी।
मुरादनगर में रावली रोड पर स्थित जीतपुर कॉलोनी निवासी राजकुमार मेरठ रोड इंडस्ट्रियल एरिया की एक कंपनी में अकाउंटेंट थे। परिजनों के मुताबिक शनिवार रात उनका पत्नी से विवाद हो गया था। पत्नी ने डायल-112 पर कॉल करके पुलिस बुला ली। पुलिस रविवार को दोनों पक्षों की बातें सुनकर फैसला कराने का आश्वासन देकर लौट आई। वहीं, रविवार शाम को राजकुमार संदिग्ध हालात में घर से लापता हो गए। कुछ ही घंटों बाद पुलिस और पालिका सभासद ने राजकुमार के फोन से परिजनों को कॉल की। परिजन चौकी पहुंचे तो पता चला कि मुरादनगर गंगनहर के रेलवे पुल पर एक 16 वर्षीय किशोर को बैग और मोबाइल पड़ा मिला था। किशोर ही दोनों चीज लेकर आया और बताया कि एक व्यक्ति नहर में कूदा है। यह सामान शायद उसी का है। वहीं, परिजनों ने भी राजकुमार का बैग और मोबाइल पहचान लिया। राजकुमार द्वारा आत्महत्या करने की बात सामने आने के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
विज्ञापन

शव खोजने में लगी थी एनडीआरएफ की टीम
मुरादनगर पुलिस ने सोमवार को एनडीआरएफ बुलाकर गंगनगर में राजकुमार की तलाश शुरू कर दी थी, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी। परिजन रोजाना मुरादनगर से मसूरी तक गंगनहर के चक्कर काट रहे थे। शुक्रवार को भी तलाश करने जाने पर एक युवक का शव गंगनहर में मिला। बाहर निकालने पर परिजनों ने उसकी शिनाख्त राजकुमार के रूप में की।
तीन चीजों ने बदल दिया पूरा घटनाक्रम
किशोर द्वारा राजकुमार का बैग और मोबाइल लौटाने के बाद पुलिस और परिजन घटना को आत्महत्या मानकर चल रहे थे। लेकिन शुक्रवार को बरामद शव की हालत देख पूरा माजरा ही बदल गया। राजकुमार के पैर लाल रंग की डोरी से बंधे हुए थे, जबकि माथे पर गंभीर चोट के निशान और हाथ की हड्डी भी टूटी हुई मिली।
किशोर को बुलाकर पूछताछ करेगी पुलिस
राजकुमार का बैग और मोबाइल देने वाला किशोर अब पुलिस की जांच के दायरे में है। पुलिस के मुताबिक मूलरूप से अलीगढ़ निवासी किशोर दिल्ली के मॉडल टाउन में रहता है। मुरादनगर क्षेत्र में उसकी बहन रहती है, जिसके पास वह आया हुआ था। पुलिस इस बात को लेकर हैरत में है कि जब किशोर ने खुद को राजकुमार द्वारा आत्महत्या करने का चश्मदीद बताया है, ऐसे में मृतक का पैर बंधा व जख्मी शव कैसे मिल सकता है।
विज्ञापन

कोट......
मौत का कारण स्पष्ट होने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। परिजनों ने यह भी बताया है कि राजकुमार का दिमाग का इलाज चल रहा था। परिजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।- डॉ. ईरज राजा, एसपी ग्रामीण
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें