किराए की पिस्टल से विनीत यादव ने प्री-नेशनल शूटिंग में जीता गोल्ड
गाजियाबाद। बम्हैटा निवासी किसान के बेटे विनीत यादव ने किराए की पिस्टल से प्री-नेशनल शूटिंग में गोल्ड जीतकर देश में शहर का मान बढ़ाया। अहमदाबाद में 30वें ऑल इंडिया जीवी मावलंकर शूटिंग चैंपियनशिप में विनीत यादव ने .32 बोर सेंटर फायल पिस्टल में 300 में से 284 स्कोर कर पदक अपने नाम किया। पिस्टल का लाइसेंस नहीं होने के कारण विनीत को प्रतियोगिता स्थल पर ही 5000 रुपये में किराए की पिस्टल लेनी पड़ी। पिस्टल के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 100 रुपये प्रति गोली के हिसाब से 40 राउंड गोलियां भी खरीदीं।
---
पूर्व आर्मी शूटर दविंदर सिंह बने द्रोणाचार्य:
12वीं कक्षा के साथ विनीत सिंह ने प्री-नेशनल में अपने उम्दा खेल से अमिट छाप छोड़ी है। विनीत ने निशानेबाजी की ए बी सी डी हॉकीय शूटिंग एकेडमी संचालक व पूर्व आर्मी शूटर कोच दविंदर सिंह के निर्देशन में सीखीं। दविंदर सिंह एनआरएआई के अधिकृत कोच भी हैं। कोच दविंदर सिंह ने बताया कि मेहनती व अपने लक्ष्य को लेकर फोकस विनीत की सफलता को लेकर पूरी उम्मीद थी। उनके साथ एकेडमी के 20 शूटर अगले माह होने वाली नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में प्रतिभाग करेंगे।
---
प्री-नेशनल से पहले खेलो इंडिया ट्रायल में पाई सफलता:
शूटर विनीत ने प्री-नेशनल खेलने जाने से ठीक एक दिन पहले दिल्ली में खेलो इंडिया के तहत हुए ट्रायल में शानदार प्रदर्शन कर सफलता पाई। ट्रायल में एयर पिस्टल के पहले गेम में 600 में से 566 और दूसरे गेम में 569 स्कोर किया। विनीत के पिता जितेंद्र यादव किसान हैं। परिवार में सबसे छोटे विनीत के दो बड़े भाई-बहनों की शादी हो चुकी है। विनीत ने नोएडा में हुए यूपी स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में एक गोल्ड और एक सिल्वर मेडल हासिल किया। 2019 में भोपाल में हुए नेशनल में रैपिड फायर पिस्टल में इंटरनेशनल ट्रायल के लिए क्वालिफाई किया। केरल में हुई इंडिया शूटिंग में वह टॉप-10 में रहे।
---
प्री-नेशनल में गोल्ड से लाइसेंस की राह होगी आसान
नेशनल शूटर विनीत का लक्ष्य ओलंपिक में देश के लिए पदक जीतने का है। प्री-नेशनल में जीत के साथ ही उनकी पिस्टल के लाइसेंस की ख्वाहिश जल्द पूरी हो सकती है। कोच ने बताया कि गोल्ड मिलने के बाद वह आधिकारिक रूप से पिस्टल लाइसेंस के लिए आवेदन कर सकेंगे।
---