महीना न मिलने पर चौकी लाकर खड़ी करा दी गाड़ियां, दो सस्पेंड
गाजियाबाद। महीना न देने पर डायल-112 की पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने गैस सप्लाई में लगी गाड़ियां चौकी पर लाकर खड़ी कर दीं। मामला संज्ञान में आने पर एसएसपी ने गोविंदपुरम चौकी क्षेत्र की पीआरवी संख्या-2152 पर तैनात मुख्य आरक्षी चालक संतोष कुमार और आरक्षी हरविंदर सिंह को निलंबित कर दिया है। साथ ही दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दिए हैं।
कविनगर की गोविंदपुरम पुलिस चौकी क्षेत्र में एक गैस एसेंजी पर सिलिंडर सप्लाई की गाड़ियां लगी हुई हैं। गाड़ी संचालकों ने एसएसपी को शिकायत की थी कि डायल-112 की पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मी उनसे हर महीना सुविधा शुल्क लेते थे। पुलिसकर्मियों की डिमांड बढ़ने पर उन्होंने महीना देना बंद कर दिया था। आरोप है कि 30 अगस्त को पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने महीना मांगा। इंकार करने पर पुलिसकर्मियों ने गाड़ियों को गोविंदपुरम चौकी पर लाकर बंद करा दिया और रिश्वत लेने के बाद ही उन्हें छोड़ा। एसएसपी पवन कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद प्रारंभिक जांच कराई गई थी। जिसमें आरोपों की पुष्टि होने पर पीआरवी पर तैनात हेड कांस्टेबल सहचालक संतोष कुमार और कांस्टेबल हरविंदर सिंह को निलंबित किया गया है।
सवा महीने के कार्यकाल में 9 पुलिसकर्मियों पर हुई कार्रवाई
18 अगस्त को एसएसपी पवन कुमार ने जिले में चार्ज संभाला था। तब से सवा महीने के कार्यकाल में एसएसपी रिश्वत व अन्य अनियमितताओं में 9 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर चुके हैं। एसएसपी का कहना है जो भी पुलिसकर्मी वैधानिक क्रिया कलाप छोड़कर अनैतिक गतिविधियों में लिप्त मिलेंगे या अपने कार्यों से पुलिस की छवि धूमिल करेंगे, उनकेखिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सवा महीने में इन पुलिसकर्मियों पर हुई कार्रवाई
- मारपीट कर जबरन दुकान बंद कराने तथा 50 हजार रुपये मांगने के आरोप में कौशांबी एसएचओ व हेड कांस्टेबल को सस्पेंड हुए।
- पंचायत चुनाव में भाभी का प्रचार करने के आरोप में विजयनगर थाने में तैनात हेड कांस्टेबल सस्पेंड हुआ।
- कार में युगल के फोटो खींचकर उन्हें ब्लैकमेल करने के आरोप में डायल-112 पर तैनात हेंड कांस्टेबल व होमगार्ड पर गाज गिरी।
- मोबाइल पर वकील से अभद्रता करने के आरोप में पुलिस लाइन के गेट पर तैनात मुख्य आरक्षी सस्पेंड हुआ।
- पुलिस लाइन से गैर हाजिर रहकर मादक पदार्थों की तस्करी में उड़ीसा में गिरफ्तार होने पर सिपाही सस्पेंड हुआ।