एक करोड़ का माल चुराकर काठमांडू पहुंचा सरगना
गाजियाबाद। कविनगर में मंत्री के आवास के पास कारोबारी के घर से करीब एक करोड़ की चोरी के मामले में पुलिस अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, लेकिन गैंग का सरगना इरफान पुलिस की पकड़ से दूर है। पुलिस का कहना है कि इरफान नेपाल पहुंच गया है। उसकी लोकेशन काठमांडू में मिली है। पुलिस नेपाल पुलिस से संपर्क कर रही है।
तीन सितंबर की रात हुई घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली तो एक स्कॉर्पियो दिखाई दी। टोल प्लाजा पर ट्रेस हुए कार के फास्टैग के जरिये पुलिस ने खुलासा किया कि बिहार के सीतामढ़ी निवासी इरफान ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। सात सितंबर को पुलिस ने इरफान की पत्नी गुलशन परवीन, ड्राइवर शुएब व साथी विक्रम शाह को गिरफ्तार किया था। 15 सितंबर को इरफान की बरेली निवासी प्रेमिका समेत तीन लोग पकड़े और उसके बाद इरफान की पत्नी की जमानत कराने आए वकील समेत तीन आरोपी गिरफ्तार किए। अब तक पुलिस 12 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, लेकिन सरगना हत्थे नहीं चढ़ा।
पुलिस ने छानी तीन राज्यों की खाक तो नेपाल पहुंचा इरफान
पुलिस ने इरफान की तलाश में उत्तर प्रदेश के 5 जिलों के अलावा दिल्ली व बिहार में भी कई दिनों तक खाक छानी। उसे पकड़ने के लिए तीन टीमें लगातार दबिश देती रहीं, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ सका। गिरफ्तारी के डर से उसने नेपाल भागने का फैसला किया। कविनगर थाने के कार्यवाहक थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि इरफान की लोकेशन काठमांडू में मिली है। अधिकांश माल उसी के पास है। लिहाजा नेपाल पुलिस से संपर्क कर उसकी गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।
यह हुई थी घटना
कविनगर में स्वास्थ्य राज्यमंत्री अतुल गर्ग के आवास के पास डी-12 नंबर कोठी में लोहा कारोबारी कपिल कुमार गर्ग की कोठी है। तीन सितंबर की रात कपिल फर्स्ट फ्लोर पर लगी खिड़की की ग्रिल काटकर बदमाश अंदर घुसे और अलमारी में रखे करीब एक करोड़ के हीरे-सोने के जेवर ले गए थे।