कागजों में जहां पौधे लगे, वहां टाइल और पार्क मिली कार
गाजियाबाद। शहर में हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से नगर निगम ने चालू सत्र में 450 से अधिक स्थानों पर 1.22 लाख पौधे लगाने के दावे किए। निगम के लगाए गए पौधों का जीडीए की ओर से किए जाने वाले सत्यापन से पहले अमर उजाला की पड़ताल में हकीकत कुछ और मिली। निगम के रिकॉर्ड में पार्क में पौधे लगे दिखाए गए, जबकि हकीकत में केवल गड्ढे ही नजर आए। वहीं, कई जगह घरों के बाहर व सामने पौधे लगाने के किए गए दावों की जगह वहां वाहन खड़े या फिर इंटरलॉकिंग टाइल लगी दिखाई दी।
----
सीन: एक
कविनगर ई-ब्लॉक पार्क में मिले गड्ढे, पौधे थे गायब:
नगर निगम की ओर से महानगर की पॉश कॉलोनी कविनगर के ई-ब्लॉक में भवन संख्या 81 के सामने के पार्क में 48 पौधे लगाने के दावे किए गए। लेकिन मौके पर पार्क में अधिकांश जगह केवल गड्ढे ही नजर आए। एक-दो गड्ढे में लगे पौधे भी पेड़ का रूप लेने की स्थिति में दिखाई नहीं दिए। जब मौके पर मौजूद निगम की माली से पौधे लगाने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बच्चों के पार्क में खेलने से पौधे खराब होने की बात बताई।
----
सीन: दो
भवन के सामने 26 पौधे लगाने के दावे, जगह पर पार्क थीं कार
कविनगर ई-ब्लॉक के पार्क के पास ही मकान संख्या 88 के सामने निगम ने 26 पौधे लगाने का ब्यौरा तैयार कर शासन को भेजा है। लेकिन मौकेपर भवन के सामने पौधे लगाने की कोई जगह ही दिखाई नहीं दी। घर के सामने सड़क के बराबर इंटरलॉकिंग टाइल लगी थी। वहीं, वहां दो चार पहिया वाहन पार्क थे। केवल भवन स्वामी की ओर से अपनी छोटी सी क्यारी में कुछ पौधे लगाए थे। ऐसे में निगम कर्मचारियों ने यहां पर केवल कागजों में ही पौधरोपण का काम पूरा कर लिया।
----
जीडीए का आज से शुरू होगा सत्यापन:
शासन के निर्देश पर जीडीए बृहस्पतिवार से नगर निगम के लगाए गए पौधों का सत्यापन करेगा। पौधों का भौतिक सत्यापन के लिए जीडीए सचिव के निर्देश पर इंजीनियरिंग और उद्यान अनुभाग के अधिकारियों की टीम बनाई गई है। महानगर में निगम की ओर से लगाए गए सवा लाख के करीब पौधों की सच्चाई एक माह के अंदर सामने आने की संभावना है। उद्यान प्रभारी व अधिशासी अभियंता आलोक रंजन के नेतृत्व में इंजीनियरों और उद्यान निरीक्षकों की टीम स्थलीय सत्यापन करेगी। जीडीए सचिव बृजेश कुमार का कहना है कि अधिकारियों को सत्यापन की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के साथ निरीक्षण और मौके के फोटो का ब्यौरा रखने के निर्देश दिए गए हैं।
----
निरीक्षण के बाद करेंगे कार्रवाई
नगर निगम उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज का कहना है कि कविनगर ई-ब्लॉक में किए गए पौधरोपण अभियान की विस्तृत रिपोर्ट मांगी जाएगी। मौके का निरीक्षण करने के बाद आगे निर्णय लिया जाएगा।
===