साथी की पिटाई पर थाना-चौकी में सफाई कर्मियों ने भरा कूड़ा
मोदीनगर। दरोगा व सिपाही द्वारा नगर पालिका के सफाईकर्मी बिजेंद्र सिंह के साथ गाली-गलौच पिटाई के बाद जमकर हंगामा हुआ। नगर पालिका के गुस्साए सफाई कर्मचारियों ने कस्बा चौकी और थाने में कूड़ा भर दिया। उन्होंने पिटाई करने वाले दरोगा और सिपाही पर एफआईआर दर्ज कर निलंबित करने की मांग की। देर रात तक पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई न होने से भड़के कर्मचारियों ने एलान किया कि दोषियों पर कार्रवाई होने तक चौकी और थाने में कूड़ा भरा रहेगा। वहीं पुलिस ने प्राइवेट जेसीबी बुलाकर देर शाम थाने के गेट पर पड़े कचरे को एक साइड में कराकर रास्ता खुलवाया।
सिखैड़ा हजारी निवासी व नगर पालिका परिषद का सफाईकर्मी बिजेंद्र सिंह अपने साथी साहिल के साथ बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12:45 बजे गांधी मार्केट में खाना खा रहा था। इसी दौरान गश्त करते दो दरोगा व सिपाही वहां पहुंचे और गाली-गलौज कर दी। आरोप है कि इसका विरोध करने पर पुलिसकर्मियों ने सफाईकर्मी बिजेंद्र की बेरहमी से पिटाई कर दी। इसके बाद तो हंगामा खड़ा हो गया। साथी की पिटाई से गुस्साए अन्य सफाईकर्मियों ने न सिर्फ कस्बा पुलिस चौकी में बल्कि थाने में भी कूड़ा ले जाकर डाल दिया। हंगामा करते कर्मचारी दिल्ली-मेरठ हाईवे पर पहुंच गए और जाम लगा दिया। करीब दो घंटे से अधिक लगे जाम के कारण करीब पांच किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लग गई। जाम में फंसे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। एसएचओ मुनेंद्र सिंह पुलिस फोर्स के मौके पर पहुंचे। उन्होंने गुस्साए सफाई कर्मियों को समझाने की कोशिश की। लेकिन सफाई कर्मी दरोगा व सिपाही पर रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें निलंबित करने की मांग पर अड़ गए।
इसके बाद एसडीएम, सीओ मय पुलिस फोर्स के मौके पर मौजूद रहे। विधायक, पूर्व विधायक, नगर पालिकाध्यक्ष भी थाने में मौजूद रहे।
कचरा डाल कोतवाली का रास्ता भी किया बंद
दिल्ली-मेरठ हाईवे से जाम हटाने के बाद सफाई कर्मी वार्ता के लिए मोदीनगर कोतवाली पहुंचे। करीब एक घंटे के इंतजार के बाद भी सफाई कर्मियों को कोई सुनवाई न होने पर उनका गुस्सा और भड़क गया। कर्मी डंपर लेकर कोतवाली पहुंचे और मुख्य गेट पर कूड़ा डालकर रास्ता बंद कर दिया। हंगामे की सूचना मिलते ही विधायक डॉ. मंजू सिवाच, पूर्व विधायक सुदेश शर्मा, पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष रामआसरे शर्मा भी मौके पर पहुंचे। देर शाम पुलिस अधिकारियों ने प्राइवेट जेसीबी बुलाकर थाने के गेट पर डंप कचरे को एक साइड में कराकर रास्ता खुलवाया।
दोषियों पर कार्रवाई होगी
एसपी देहात डॉ.ईरज राजा का कहना है कि पुलिस कर्मियों व सफाई कर्मियों के मामले की जांच की जा रही है। इसमें जो भी दोषी पाया गया, उसके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। बताया गया है कि मेडिकल स्टोर संचालक की सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंची थी।
गंभीरता से होगी जांच
मोदीनगर एसडीएम आदित्य प्रजापति का कहना है कि पुलिस व सफाई कर्मियों के बीच विवाद हुआ था। इसके चलते सफाई कर्मियों ने दिल्ली-मेरठ हाईवे जाम कर दिया था। कर्मियों को समझाकर जाम खुलवाया गया। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
एसएसपी ने कार्रवाई की बात कही
मोदीनगर विधायक डॉ.मंजू सिवाच कहना है कि एसएसपी से प्रकरण को लेकर बात की है। एसएसपी ने जांच कराकर पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर करने की बात कही है। सफाईकर्मी व पुलिसकर्मी दोनों एक दूसरे पर आरोप लगा रहे है। जिसकी निष्पक्ष जांच के लिए कहा गया है।