कोरोना प्रोटोकॉल के उल्लंघन पर 92 केस, बिना मास्क के 13 सौ चालान
गाजियाबाद। कोरोना संक्रमण के हालात बिगड़ने के बावजूद लोग अपनी आदत से बाज नहीं आ रहे हैं। इसके चलते पुलिस को उनके खिलाफ सख्ती बरतनी पड़ रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने बीते 24 घंटों में कोरोना प्रोटोकॉल के उल्लंघन पर 92 मुकदमे दर्ज किए हैं। कहीं प्रतिबंध के बावजूद लोगों को होटल में खाना खिलाया जा रहा था तो कहीं दूरी का पालन कराए बगैर भीड़ लगाकर सामान बेचा जा रहा था। अधिकारियों का कहना है कि कोरोना गाइडलाइन के उल्लंघन पर कार्रवाई नियमित रूप से जारी रहेगी।
एसएसपी अमित पाठक ने बताया कि जिले भर में धारा 188 के तहत 92 मामले दर्ज किए गए हैं। जिनमें सर्वाधिक लोनी, साहिबाबाद, मुरादनगर और निवाड़ी थाना पुलिस 49 केस पंजीकृत किए हैं। नगर कोतवाली क्षेत्र में अंबेडकर रोड पर कल्याण ज्वेलर्स की दुकान में 11 लोग निर्माण कार्य करते मिले। कोई भी कोविड-19 का पालन नहीं कर रहा था। इसके चलते सवजील, पंकज, मनोज, बबलू शर्मा, रोहित शर्मा, नीरज मिस्त्री, मनीष, राहुल, अटैनी, सुनील व रूपेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। दूसरे मामले में नगर कोतवाली क्षेत्र में ही जस्सीपुरा के पास विजयनगर निवासी बिलाल की चप्पल-जूते की दुकान पर भीड़ लगी मिली। पुलिस को देखकर भीड़ भाग गई। बताया कि मामले की सजा की अवधि सात वर्ष से कम होने के चलते बिलाल को नोटिस तामिल कराकर मौके पर ही छोड़ दिया गया और दोबारा ऐसा नहीं करने की चेतावनी दी गई। अन्य मामले में मसूरी क्षेत्र में ग्राम पिपलेड़ा रोड पर बरकत रेस्टोरेंट, राजपूत कन्फेक्शनरी के अलावा अन्य मोबाइल प्वाइंट खुले मिले। तीनों पर काफी भीड़ लगाकर कोविड-19 प्रोटोकॉल का उल्लंघन किया जा रहा था। तीनों दुकानदारों के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है।
मास्क न लगाने पर 1363 केस दर्ज......
एसएसपी में बताया कि बिना मास्क के घर से निकलने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। ऐसे ही 1363 लोगों के चालान काटकर एक लाख 44 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। सर्वाधिक इंदिरापुरम पुलिस ने 155, साहिबाबाद पुलिस ने 150 और मसूरी पुलिस ने 110 चालान काटे हैं। यातायात पुलिस के द्वारा भी डेढ़ दर्जन से अधिक बिना मास्क वालों के चालान काटे गए।
इनसेट..... फोटो सहित.......
पुलिस अस्पताल का निरीक्षण कर एसएसपी ने दिए निर्देश
एसएसपी अमित पाठक ने शुक्रवार को पुलिस लाइन स्थित पुलिस चिकित्सालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस मौके पर उन्होंने संबंधित लोगों को आवश्यक दिशानिर्देश दिए। साथ ही रिजर्व पुलिस लाइन में मौजूद पुलिस बल को कोविड-19 से बचाव के नियमों से जागरूक कर उन्हें मास्क पहनने, सोशल डिस्टेसिंग का पालन करने और सावधानी बरतने के लिए जागरूक किया।