मुठभेड़ के बाद फरार लूटपाट का आरोपी गिरफ्तार
गाजियाबाद। बुधवार रात हुई मुठभेड़ के दौरान फरार लुटेरा अंकुश निवासी बाग वाली कॉलोनी शास्त्रीनगर पुलिस के हत्थे चढ़ गया। उसके कब्जे से तमंचा व लूट का मोबाइल बरामद हुआ है। बुधवार को गोली लगने से घायल हुए उसके साथी आदेश उर्फ छोटू निवासी बाग वाली कॉलोनी को जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक बाइक सवार दो बदमाशों ने शास्त्रीनगर इलाके में मंगलवार को एक व्यक्ति का मोबाइल लूटा था। इन्हीं बदमाशों ने बुधवार शाम को फिर से शास्त्रीनगर इलाके में मोबाइल लूटा। पुलिस ने नाकाबंदी कर चेकिंग शुरू की तो बुधवार रात करीब 8 बजे डायमंड फ्लाईओवर के पास बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पैर में गोली लगने से आदेश उर्फ छोटू घायल हो गया था, जबकि उसका साथी अंकुश फरार हो गया। सीओ कविनगर अंशु जैन ने बताया कि अंकुश पर दो केस दर्ज हैं, जबकि आदेश उर्फ छोटू पर मेरठ और गाजियाबाद में 11 मामले सामने आए हैं।