किसानों ने वार्ता न होने पर पुतला फूंकने की दी चेतावनी
लोनी। बढ़े मुआवजे की मांग और कृषि कानून के विरोध में मंडोला आवास विकास के सामने धरना प्रदर्शन कर रहे मंडोला समेत 6 गांव के किसानों ने सरकार का पुतला फूंकने की बात कही है। धरनास्थल पर पुतले भी बना लिए हैं। इस बीच लोनी सीओ ने किसानों को वार्ता होने का आश्वासन दिया है। किसान नेता नीरज त्यागी ने बताया कि किसान लगातार अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। लेकिन कोई समाधान नहीं हो रहा है। वार्ता नहीं की जा रही है। अब किसानों ने दशहरे पर सरकार का पुतला दहन करने की योजना बनाई। बृहस्पतिवार को लोनी सीओ किसानों के बीच पहुंचे। उन्होंने दशहरे से अगले दिन किसानों की वार्ता अधिकारियों से कराने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि तय समय पर वार्ता नहीं हुई तो किसान पुतलों का दहन करेंगे। बता दें कि आवास विकास के खिलाफ बढ़े मुआवजे की मांग को लेकर किसान करीब पांच साल से धरना प्रदर्शन करते आ रहे हैं।