सिपाही की एफआईआर दर्ज करने में लग गए 17 महीने
साहिबाबाद। सिपाही की पत्नी का मोबाइल नंबर फर्जी क्रेडिट कार्ड में लगाने और फिर उनके मोबाइल फोन कर अभद्रता करने व धमकी देने के मामले में साहिबाबाद थाना पुलिस ने एफआईआर 17 माह में दर्ज की। सिपाही ने तत्कालीन थाना प्रभारी व एसएसपी से शिकायत की थी। फिर भी कार्रवाई होने में लंबा समय लग गया।
मेरठ जनपद में तैनात सिपाही दिनेश परिवार संग साहिबाबाद के सत्यम एंकलेव में रहते हैं। तीन अप्रैल 2021 को उनकी पत्नी रेखा के पास एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया था। व्यक्ति ने पत्नी से भूपेंद्र नामक व्यक्ति के बारे में पूछना शुरू कर दिया। पत्नी को भूपेंद्र के क्रेडिट कार्ड में उनका नंबर डाले जाने की जानकारी दी। रेखा ने भूपेंद्र नाम के व्यक्ति के बारे में जानकारी होने से मना कर दिया। आरोप है कि उसके बाद अज्ञात व्यक्ति ने पत्नी से अश्लील बातें करनी शुरू कर दी। इसका विरोध करने पर गंदी - गंदी गालियां व धमकी देने लगा। व्यक्ति ने भूपेंद्र के बारे में जानकारी नहीं देने पर अंजाम भुगत लेने की धमकी दी। सिपाही ने मामले की शिकायत तत्कालीन साहिबाबाद थाना प्रभारी से की। शिकायत की कॉपी व वायस रिकार्डिंग व्हाटस पर भी भेजी। फिर भी कई दिन तक कार्रवाई नहीं होने पर मेल के माध्यम से तत्कालीन एसएसपी को भी अवगत कराया। उसके बाद भी मामले में कोई सुनवाई नहीं हुई। साहिबाबाद थाना पुलिस ने मामले में चार जुलाई को रिपोर्ट दर्ज की। एसपी ट्रांस हिंडन ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में जांच के बाद कार्रवाई कराई जाएगी।