नेवी के अधिकारी का डेबिट कार्ड बदलकर 30 हजार रुपये निकाले
साहिबाबाद। हिंडन एयरफोर्स पुलिस चौकी के पास ठगों ने नेवी के सेवानिवृत्त अधिकारी नंदन सिंह रावत का डेबिट कार्ड बदलकर 30 हजार रुपये निकाल कर चूना लगा दिया। ठग ने उनके कार्ड से छह बार ऑनलाइन शॉपिंग की। उन्होंने साहिबाबाद थाने मेें ठगी का मुकदमा दर्ज कराया है।
नंदन रावत न्यू करहेड़ा कॉलोनी में रहते हैं। उन्हें एक सप्ताह पहले पैतृक गांव अल्मोड़ा जाना था। यात्रा के लिए उन्हें पैसों की जरूरत थी। वह एयर फोर्स पुलिस चौकी के सामने एटीएम बूथ पर गए और वहां कार्ड मशीन में फंस गया। उन्होंने एक युवक की मदद ली। लेकिन पैसे नहीं निकले और वह घर पहुंचे तो कुछ देर बाद बैंक से छह बार में 30 हजार रुपये निकलने का संदेश देखकर होश उड़ गए। कार्ड जांचने पर पता चला कि युवक ने कार्ड बदल दिया है। वह तुरंत मोहन नगर के बैंक पहुंचे और खाता की ट्रांजेक्शन पर रोक लगवाई। जांच में पता चला कि ठग ने कृष्णा पार्क के एटीएम बूथ से ट्राजक्शन की और फिर जूतों की खरीददारी की है। एएसपी अभिजीत आर शंकर ने बताया कि टीम ने एटीएम बूथ में सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लिया है।