युवक की चाकू से गोदकर हत्या, इकलौता चिराग बुझा
साहिबाबाद। शालीमार गार्डन में शुक्रवार रात 22 वर्षीय उर्दित की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। उसे दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान मौत हो गई। पिता ने पूर्व मकान मालकिन समेत चार लोगों पर चाकू से गोदकर हत्या करने का आरोप लगाया है। उन्होंने साहिबाबाद थाने में पुलिस को लिखित शिकायत दी है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है। घटना के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रोज पार्क निवासी देवेंद्र कुमार मार्केटिंग का काम करते हैं। परिवार में पत्नी और बेटी व 22 वर्षीय बेटा उर्दित भी थे। चार दिन से उर्दित दिल्ली लक्ष्मी नगर स्थित अपनी मौसी के घर गया हुआ था। आरोप है कि दो साल पूर्व जिस मकान में वह सभी रहते थे। घटना वाली रात उसकी मालकिन ने उर्दित को फोन कर घर बुलाया था। इसके बाद महिला ने बेटे व देवर-देवरानी के साथ मिलकर रंजिश में उनके बेटे की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। उनका कहना है कि मकान मालकिन का चाल-चलन ठीक नहीं था, वह शराब मदिरा का सेवन भी करती है। महिला बार-बार बेटे को फोन करके अपने पास बुलाती थी। ऐसे में उन्हें अंदेशा है कि महिला ने बेटे के साथ नाजायज संबंध बनाए हुए थे, जिसके कारण सभी ने साजिश रचकर घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद सभी आरोपी घायल अवस्था में उर्दित को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल ले गए। वहां पहुंचने पर रिकॉर्ड में उनका फोन नंबर लिखवाकर आरोपी फरार हो गए। बाद में उनकी पत्नी को फोन कर बेटे के अस्पताल में भर्ती होने की सूचना दी। चाकू लगने के बाद गंभीर रूप से घायल उर्दित की अस्पताल में मौत हो गई। डॉक्टरों की पुष्टि के बाद दिल्ली पुलिस द्वारा साहिबाबाद थाने में सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोप यह भी है कि घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने उनकी तलाश कर सभी से पूछताछ शुरू कर दी।
छिन गया परिवार का इकलौता बेटा
पिता ने बताया कि उर्दित उनका इकलौता बेटा था। घटना के बाद परिवार के लोग बुरी तरह टूट गए हैं। चार दिन पूर्व वह मां शीला से नए कपड़े खरीदने के लिए पैसे लेकर मौसी के घर गया था। उसके बाद उन्हें घटना की सूचना ने पूरी तरह हिला कर रख दिया। उनका कहना है कि उर्दित पर चाकू से हमला किया गया, न कि बेटे ने खुद चाकू मारा है। जिस कारण बेटे की आंते बाहर निकली हुई थीं। उधर, पुलिस को घटनास्थल पर खून नहीं मिला है। एसपी सिटी सेकेंड ज्ञानेंद्र सिंह का कहना है कि चाकू से युवक की मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है जिससे पता चलेगा कि चाकू मारा गया है या चाकू से खुद हमला किया गया। पिता की शिकायत पर संज्ञान लेकर आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। जांच व रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।