दूसरी शादी के विरोध पर ठेकेदार की सुपारी देकर कराई हत्या, आरोपी गिरफ्तार
साहिबाबाद। टीला मोड़ पुलिस ने 16 अप्रैल को ठेकेदार संजय कुमार की हत्या में दोस्त के दामाद मनोज निवासी भौडसी गुरुग्राम को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने साली के साथ दूसरी शादी के विरोध होने पर शार्प शूटर अपने भतीजे मनीष और विद्यानंद को 2.20 लाख रुपये की सुपारी दी थी। दोनों शूटर ने घटना को अंजाम देने के लिए 15 दिन में सात बार ठेकेदार की फैक्टरी से घर तक रेकी की थी। बुधवार को एसपी सिटी सेकेंड ज्ञानेंद्र सिंह और एएसपी अभिजीत आर शंकर ने घटना का खुलासा किया।
मूलरूप से बिहार के मधुबनी जिले में खुटौना का रहने वाला मनोज गुरुग्राम में कार चलाता है। एसपी सिटी सेकेंड ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि मनोज की पत्नी मानसिक रूप से बीमार है। वह अपनी साली के साथ दूसरी शादी करना चाहता था। उसके ससुर की ठेकेदार संजय कुमार से काफी गहरी दोस्ती थी, दोनों एक साथ फैक्टरी में काम करते थे। ठेकेदार का घर पर आना-जाना था। मनोज ने जब अपने ससुर के सामने साली से शादी करने की बात कही तो ठेकेदार ने इसका विरोध किया। बाद में, ससुर ने भी शादी से इनकार कर दिया। इसी बात पर आरोपी मनोज ठेकेदार से रंजिश रखने लगा था। उसने ठेकेदार की हत्या के लिए भतीजे मनीष निवासी मयूर विहार फेज-2 पटपड़गंज दिल्ली के साथ योजना तैयार की। मनीष ने हत्या के लिए भाड़े पर शूटर विद्यानंद निवासी हनुमान नगर खुटौना मधुबनी बिहार के बारे में बताया। दोनों ने मिलकर ठेकेदार की हत्या की 2 लाख 20 हजार रुपये में सुपारी तय की।
शूटरों को एक लाख दिए एडवांस, बाकी भुगतान ऑनलाइन किया
एएसपी अभिजीत आर शंकर का कहना है कि हत्या के लिए विद्यानंद 15 दिन पहले ही बिहार से आ गया था। मनीष ने उसे हथियार उपलब्ध कराए। इसके बाद मनोज ने उन्हें 53 हजार रुपये नकद व 47 हजार रुपये पेटीएम से दिए थे। एक बार ठेकेदार की हत्या में विफल होने के बाद फिर 16 अप्रैल की रात में कृष्णा विहार फेज-2 के जंगलों में विद्यानंद ने पहली गोली मारी, फिर बाइक से उतरे मनीष ने ताबड़तोड़ तीन गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी। उस समय मनोज अपने भतीजे मनीष के कमरे पर था। पुलिस का कहना है कि हत्या के बाद तीनों आरोपी नेपाल भागने की फिराक में थे।
ठेकेदार के भाई ने कराया था लेबर पर मुकदमा
संजय की हत्या के बाद उनके भाई अचल कुमार ने भोपुरा निवासी हरेराम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। उनका शक था कि हरेराम से पैसों को लेकर विवाद चल रहा था, लेकिन पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी को छोड़ दिया। फिर मोबाइल और सर्विलांस की मदद से आरोपियों के बारे में सुराग मिला।
आलाकत्ल हथियार बरामद करेगी पुलिस
पुलिस का कहना है कि शूटर मनीष और विद्यानंद को 25 अप्रैल को बिहार से गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर लाकर जेल भेजा गया है। अब कोर्ट में दोनों की रिमांड लेकर आलाकत्ल हथियार बरामद किया जाएगा। हालांकि पुलिस ने घटना में प्रयुक्त शूटर मनीष की बाइक बरामद कर ली है।