इंटर के छात्र पर जानलेवा हमला, एक गिरफ्तार
साहिबाबाद। टीला मोड़ क्षेत्र में भनैड़ा मंदिर के पास छात्रों के एक गुट ने फर्रूखनगर में रहने वाले 12वीं के छात्र रितिक त्यागी पर चाकू से जानलेवा हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया। छात्र के मुंह, सीने और कमर पर चाकू लगने से गहरे घाव हो गए। घटना में चार नामजद समेत 8 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है जिसमें एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
सुमित त्यागी ने बताया कि उसका चचेरा भाई 7 अप्रैल को भनैड़ा मंदिर के रास्ते केंद्र पर 12वीं की परीक्षा देने जा रहा था। इस बीच प्रिंस, आशु कसाना, विपिन कसाना और शिवम भड़ाना के अलावा चार अज्ञात लोगों ने उसे जबरन रोक लिया। इसके बाद कहासुनी में विवाद बढ़ गया। कुछ ही देर में आरोपी छात्रों ने चाकू से रितिक को बुरी तरह घायल कर दिया। उसे मृत समझकर रास्ते में लहूलुहान हालत में छोड़ गए। इस बीच स्थानीय लोग एकत्रित हुए तो आरोपी भागने लगे। पकड़े जाने के डर से छात्रों ने हमला करने की धमकी दी। अस्पताल में रितिक का इलाज चल रहा है। थाना प्रभारी महावीर सिंह का कहना है कि सुमित त्यागी की लिखित शिकायत पर प्रिंस, आशु कसाना, विपिन कसाना, शिवम भड़ाना और चार अज्ञात के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तलाश की जा रही है। रविवार को आरोपी शिवम भड़ाना को महमूदपुर नाले के पास से गिरफ्तार किया गया है।