बाजार और स्नैचिंग प्वाइंट पर सिविल ड्रेस में तैनात रहेंगे पुलिसकर्मी
साहिबाबाद। दिल्ली से सटे ट्रांस हिंडन क्षेत्र में दिनदहाड़े बढ़ती वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए अपर पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर ने लिंक रोड व साहिबाबाद थाना क्षेत्र के मुख्य बाजार, चौक, चौराहे और स्नैचिंग प्वाइंट पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई। सभी पुलिसकर्मी सिविल ड्रेस में संदिग्धों पर नजर रखेंगे। सूचना मिलने पर तत्काल घटनास्थल पर आरोपियों को दबोच कर गिरफ्तार करेंगे। उन्होंने बदमाश व लुटेरों को पकड़ने के लिए चौकी स्तर से पुलिसकर्मियों की टीम बनाई है।
रविवार शाम करीब पांच बजे एएसपी अभिजीत आर शंकर और साहिबाबाद थाना प्रभारी नागेंद्र चौबे ने शालीमार गार्डन, लाजपत नगर, शिव चौक, पप्पू कॉलोनी से होकर विभिन्न कॉलोनियों से दिल्ली बॉर्डर तक बुलेट बाइक पर गश्त की। उन्होंने सड़क किनारे और पान के खोखे व रेहड़ी पटरी पर खड़े संदिग्धों से पूछताछ की। इसके साथ ही महिलाओं से भी बातचीत कर उन्हें कानून व्यवस्था का भरोसा दिया। इसके बाद उनका काफिला दिल्ली वजीराबाद रोड से होकर तुलसी निकेतन, भोपुरा व हिंडन एयरफोर्स होते हुए वापस साहिबाबाद थाने पहुंचे। उन्होंने बताया कि सोमवार से पुलिसकर्मी सड़क पर चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेंगे। बदमाशों को दबोचने के लिए पुलिस सिविल ड्रेस में रहेगी। वायरलैस सेट पर जहां भी लूट या झपटमारी की सूचना मिलेगी, उसके बाद मौके पर मौजूद पुलिस बुलेट या बाइक से तत्काल पीछा कर बदमाशों को पकड़ेगी। हर चौकी स्तर से टीम बनाई गई है। लिंक रोड, साहिबाबाद में यह व्यवस्था लागू होने के बाद टीला मोड़ और अन्य जगहों पर की जाएगी। गश्त में चौकी इंचार्ज भी शामिल रहे।