धूल भरी हवाओं ने फिर बढ़ाया शहर का प्रदूषण स्तर
साहिबाबाद। चार दिनों तक हवा साफ रहने बाद रविवार को एक बार फिर गाजियाबाद का प्रदूषण स्तर बढ़ गया। रविवार को गाजियाबाद का एक्यूआई 227 दर्ज किया गया। दिनभर आसमान में धूल छाई रही। सुबह के समय पीएम दस और पीएम 2.5 का स्तर अचानक से डार्क रेड जोन में पहुंच गया। पीसीबी की माने तो हवा चलने और बारिश के बाद ही इसमें कमी आएगी।
बारिश के बाद साफ हुई शहर की हवा शनिवार को फिर से खराब हो गई। शहर का एक्यूआई में 141 प्वाइंट की बढ़ोतरी हुई और शहर का एक्यूआई ऑरेंज जोन में 227 पर जा पहुंचा। जो कि मानकों से दो गुना अधिक रहा। रविवार को आसमान में धूल छाई रही। रात मे धूल भरी हवाओं के चलने की वजह से आसमान में धूल रही। आंकड़ों के अनुसार गाजियाबाद के मॉनिटरिंग स्टेशनों में सुबह के समय प्रदूषण का स्तर बहुत ही तेजी से बढ़ा। लोनी में एक्यूआई 248 दर्ज किया गया। सुबह छह बजे से इसमें बढ़ोतरी शुरू हो गई। दोपहर 12 बजे पीएम दस का स्तर मानकों से साढ़े सात गुना अधिक 799 दर्ज किया गया। शाम तक इसमें कमी आनी शुरू हुई। दिन में लोनी का पीएम दस और पीएम 2.5 का स्तर 248 और 232 दर्ज हुआ। वहीं संजय नगर का एक्यूआई 240 रहा। यहां पर भी दोपहर 12 बजे पीएम दस का स्तर सबसे ज्यादा 926 दर्ज किया गया। दिन में पीएम दस और पीएम 2.5 का स्तर 240 और 166 दर्ज हुआ। इंदिरापुरम में एक्यूआई 194 रहा। यहां पर तो पीएम दस का स्तर दोपहर तीन बजे तक 820 के आसपास रहा। चार बजे के बाद इसमें कमी शुरू हुई। यहां पर दिन में पीएम दस का स्तर 194 और पीएम 2.5 का स्तर 185 दर्ज किया गया। वहीं तकनीकी खामियों के चलते वसुंधरा इलाके का एक्यूआई दर्ज नहीं किया गया। पीसीबी के क्षेत्रीय अधिकारी उत्सव शर्मा ने बताया कि बारिश से धूल बैठ गई थी। बारिश का असर खत्म हुआ और धूल भरी हवाएं चली तो आसमान में धूल ज्यादा दिखाई दे रही है। हवा चलेगी तो यह नीचे बैठ जाएगी।