ऑक्सीजन आपूर्ति में भेदभाव का आरोप लगाते हुए पार्षद ने दिया धरना
साहिबाबाद। ऑक्सीजन की आपूर्ति में भेदभाव का आरोप लगाते हुए वार्ड 100 के पार्षद संजय सिंह ने इंदिरापुरम स्थित शांति गोपाल अस्पताल के बाहर धरना दिया। बुधवार की शाम ऑक्सीजन के अभाव में एक कोविड मरीज की मौत को अपनी आंखों के सामने देेख पार्षद ऑक्सीजन की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। करीब दो घंटे तक धरने पर बैठने के बाद एसीएम विनय कुमार द्वारा अस्पताल प्रबंधन को ऑक्सीजन की आपूति कराने के आश्वासन पर पार्षद ने अपना धरना खत्म किया।
इंदिरापुरम शिप्रा सनसिटी निवासी पार्षद संजय सिंह बुधवार शाम अहिसा खंड दो स्थित शांति गोपाल अस्पताल पहुंचे। पार्षद ने बताया कि उनकी आंखों के सामने एक युवक की आक्सीजन न मिलने से मौत हो गई। युवक की पत्नी शव के पास बैठकर विलाप कर रही थी। उन्होंने बताया कि अस्पताल को पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिल पा रहा है, दो दिन पूर्व ही यहां 20 बेड का कोविड वार्ड बनाया है। संजय सिंह का आरोप है कि ऑक्सीजन की आपूर्ति में भेदभाव बरती जा रही है।