विधायक नंदकिशोर गुर्जर, सुनील शर्मा पर मारपीट-टेंट तोड़ने का आरोप, दी तहरीर
साहिबाबाद। भारतीय किसान यूनियन युवा के प्रदेश अध्यक्ष दिगंबर सिंह ने भाजपा के दो विधायकों सुनील शर्मा और नंदकिशोर गुर्जर पर यूपी गेट पर किसानों से मारपीट करने और टेंटों को तोड़ने का आरोप लगाया है। दिगंबर सिंह ने कौशांबी थाने में तहरीर देकर दोनों विधायकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शुक्रवार देर शाम को काफी संख्या में किसान थाने पहुंचे और घेराव कर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की। इसके बाद एडीएम सिटी और एसपी सिटी मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों को समझाकर शांत कराया। पुलिस तथ्यों के आधार पर जांच कर रही है।
दिगंबर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि लोनी से भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर और साहिबाबाद से विधायक सुनील शर्मा बृहस्पतिवार को अपने सैकड़ों लोगों को साथ लेकर यूपी गेट पर पहुंचे और किसानों के साथ मारपीट की। आरोप है कि उन्होंने वहां पर टेंटों को तोड़ा और कार के शीशे भी तोड़े। उन्होंने कहा कि यदि किसानों ने शांति का परिचय नहीं दिया होता तो जनहानि हो सकती थी। देर शाम करीब साढ़े सात बजे दिगंबर सिंह के नेतृत्व में कई किसान कौशांबी थाने पहुंचे और घेराव कर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। जानकारी मिलने पर एडीएम सिटी शैलेंद्र सिंह और एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और सभी को समझाकर शांत कराया। एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि किसानों की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। सीओ इंदिरापुरम को मामले की जांच सौंपी गई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
क्या कहते हैं विधायक
शिकायत दी गई है तो पुलिस मामले में जांच करे। सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। मीडिया भी मौजूद था। यदि वहां मेरी लोकेशन मिलती है तो पुलिस कार्रवाई करे। राकेश टिकैत झूठ बोल रहे हैं। -सुनील शर्मा, विधायक साहिबाबाद
------
मैं वहां नहीं गया था। यदि मेरी 10 किलोमीटर तक के भीतर लोकेशन मिलती है तो अपनी विधानसभा से इस्तीफा दे दूंगा। राकेश टिकैत राजद्रोह का काम करके जेल जाने से बच रहे हैं। वह माफी मांगें नहीं तो उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज कराऊंगा। -नंदकिशोर गुर्जर, विधायक लोनी