गाजियाबाद पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। मसूरी थाना क्षेत्र में डासना जेल-नाहल रोड के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने तीन शातिर गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से कुल 4 किलो 350 ग्राम अवैध गांजा, कई मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई।
एसीपी मसूरी सुनील कुमार के अनुसार, मसूरी पुलिस टीम डासना जेल-नाहल रोड पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि तीन व्यक्ति कुशलिया गांव की ओर से बम्बा भूड़गढ़ी मार्ग से अवैध गांजा बेचने के इरादे से आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान विवेक खान निवासी मयूर विहार, मसूरी (मूल निवासी खुर्जा, बुलंदशहर), सुरेश चौधरी निवासी पटवारी मोहल्ला, करहेड़ा, मोहन नगर, साहिबाबाद (मूल निवासी हसनपुर, धौलाना, हापुड़) तथा सूरज निवासी पटवारी मोहल्ला, करहेड़ा, मोहन नगर, साहिबाबाद (मूल निवासी जरीफनगर, बदायूं) के रूप में बताई।
तलाशी के दौरान विवेक खान के पास से एक किलो 450 ग्राम गांजा और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन, सुरेश चौधरी के पास से एक किलो 600 ग्राम गांजा, एक टेक्नो स्पार्क मोबाइल और 200 रुपये नकद तथा सूरज के पास से एक किलो 300 ग्राम गांजा, एक सैमसंग कीपैड मोबाइल और 100 रुपये नकद बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे कम कीमत पर गांजा खरीदकर उसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर अधिक कीमत पर बेचते थे और इससे मुनाफा कमाते थे। उनके पास गांजा रखने या बेचने का कोई वैध लाइसेंस अथवा दस्तावेज नहीं मिला। बरामद गांजे का कुल वजन 4 किलो 350 ग्राम पाया गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया।