परिवार से दूर सिर्फ सेवा का प्रण, लैब टेक्नीशियन जितेंद्र
कोरोना संक्रमण के इस भयावह दौर में मन में जनता की सेवा का प्रण लेकर डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल के लैब टेक्नीशियन जितेंद्र सिंह एक माह से अस्पताल में ही रुके हुए हैं। अस्पताल में रहकर ही वे अपने काम में जुटे हैं। उन्होंने बताया कि एलटी ट्रेनिंग के वक्त काम की ली शपथ को ईमानदारी से निभाते हुए जनता की सेवा करना ही कर्त्तव्य है।
मूल रूप से कायमगंज के गांव नगली उम्मेद निवासी जितेंद्र सिंह की आठ माह पूर्व आयोग से डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल में नियुक्ति हुई थी। वे यहां कोरोना जांच के लिए आए लोगों के नमूने लेते हैं। घर पर मां सुमनलता, पत्नी बीना और पुत्र रिषभ(5) तथा उत्कर्ष (1) हैं।
उन्होंने बताया कि संक्रमण के दौर में घर वालों को समस्या न हो, इसलिए अस्पताल में ही रुकने का निश्चय किया। जब तक संक्रमण का दौर रहेगा, तब तक घर नहीं जाऊंगा। घर पर वीडियो काल से बात कर लेते हैं। एक साल के बेटे को भी मोबाइल पर ही दुलार लेते हैं। बताया कि मां कहती है कि बेटा अपना ध्यान रखते हुए अपने काम से कभी पीछे न हटना, बस यही सोचकर हर वक्त ड्यूटी को तैयार रहते हैं।