दूध लेने गई बच्ची से विक्रेता ने की छेड़छाड़
साहिबाबाद। टीला मोड़ क्षेत्र में नौ वर्षीय बच्ची से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। बच्ची पड़ोस में दूध लेने गई थी। परिजन की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी दूध विक्रेता के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।
कॉलोनी में बच्ची परिवार के साथ रहती है। वह तीसरी कक्षा में पढ़ती है। कॉलोनी में ही रहने वाला राजपाल दूध बेचने का काम करता है। पुलिस का कहना है कि शुक्रवार को बच्ची की मां ने उसे राजपाल के पास से दूध ले आने को कहा तो बच्ची ने मना कर दिया। मां ने उस पर दबाव बनाया तो वह फूट-फूटकर रोने लगी। इस पर मां को शक हुआ तो उसने बच्ची से बात की। बच्ची ने रोते हुए बताया कि बुधवार को दूध लेने के दौरान विक्रेता राजपाल ने उससे छेड़छाड़ की थी। डर की वजह से उसने परिवार के लोगों को कुछ नहीं बताया। मां ने तत्काल यह बात परिवार अन्य लोगों को बताई। परिजनों ने आरोपी राजपाल के खिलाफ टीला मोड़ थाने में शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी महावीर सिंह ने बताया कि आरोपी राजपाल फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।