गाली देने पर नशा मुक्ति केंद्र संचालक पिता-पुत्र ने की थी युवक की हत्या
साहिबाबाद। टीला मोड़ थाना क्षेत्र स्थित नशा मुक्ति केंद्र संचालक पिता और पुत्र ने गाली-गलौज करने के विरोध में भारत भूषण निवासी सदर बाजार दिल्ली की सिर में डंडा मारकर हत्या की थी। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल कार, डंडा और फावड़ा बरामद कर लिया है। पुलिस फरार एक आरोपी की तलाश कर रही है।
एसपी सिटी सेकेंड ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी सौरभ त्यागी निवासी अशोक नगर शाहदरा दिल्ली है। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि 21 जुलाई की रात को भारत भूषण उर्फ शैंकी ने उनके और बेटे मेहुल त्यागी के साथ गाली-गलौज की थी। उन्होंने बेटे के साथ मिलकर सिर में डंडे से वार कर उसकी हत्या कर दी। शव को मुजफ्फरनगर स्थित साले के खेत में ले जाकर दबा दिया था। पकड़े जाने के डर से 27 जुलाई को वहां से शव निकालकर रात में फिरोजपुर पुल के पास गंगनहर में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी सौरभ की निशानदेही पर मृतक शैंकी के शव के अवशेष, कपड़े, फावड़ा और घटना में प्रयुक्त कार बरामद की है। जबकि फरार बेटे की तलाश कर रही है।
क्या है मामला
दिल्ली के सदर बाजार क्षेत्र में प्रेमचंद परिवार के साथ रहते हैं। उनका बेटा भरत भूषण उर्फ शैंकी (32) नशे का आदी था। उसे टीला मोड़ थाना क्षेत्र की डिफेंस कॉलोनी स्थित स्नेही फाउंडेशन नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया था। 23 जुलाई को जब प्रेमचंद शैंकी को देखने पहुंचे तो वह नहीं मिला। उन्हें बताया कि वह कहीं चला गया। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। परिजनों ने 28 जुलाई को टीला मोड़ थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। लेकिन उसका कोई पता नहीं चला था। उन्होंने 11 अगस्त को टीला मोड़ थाने में तहरीर देते हुए बताया कि उनके परिचित राजकुमार उनके यहां पहुंचे। जहां उन्होंने बताया कि वह 21 जुलाई को नशा मुक्ति केंद्र की ओर की तरफ किसी काम से गए थे। रात्रि में उन्होंने देखा कि नशा मुक्ति केंद्र संचालक सौरभ त्यागी और उसका बेटा मेहुल त्यागी सफेद कार में शैंकी को खून से लथपथ हालत में लेकर जा रहे थे। परिजनों ने संचालक और उसके बेटे पर शैंकी की हत्या कर शव को छिपाने की आरोप लगाते हुए टीला मोड़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। तभी से पुलिस आरोपी पिता-पुत्र की तलाश कर रही थी।