मॉर्निंग वॉक के दौरान निजी कंपनी के कर्मी की मौत
साहिबाबाद। कौशांबी थाना क्षेत्र के वैशाली सेक्टर चार स्थित अंबेडकर पार्क में मॉर्निंग वॉक पर गए निजी कंपनी के कर्मचारी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पास योग कर रहे लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस उन्हें पास के निजी अस्पताल लेकर पहुंची। जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों को मामले की सूचना दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पीएम रिपोर्ट आने पर मौत के कारणों की पुष्टि होगी।
इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के रामप्रस्था ग्रीन सोसायटी में राजेश जोशी (46) पत्नी, बेटी और बेटे के साथ रहते थे। वह एक कैमरा बनाने की कंपनी में उच्च पद पर कार्यरत थे। रोज की तरह वह बुधवार को सुबह करीब सात बजे घर से वैशाली सेक्टर चार स्थित आंबेडकर पार्क में मॉर्निंग वॉक और योग के लिए निकले थे। करीब साढ़े सात बजे टहलने के बाद वह पार्क में योग कर रहे थे। तभी जमीन पर गिर गए। काफी देर तक राजेश जमीन पर पड़े रहे। पास में वॉक और योग कर रहे लोगों को लगा कि राजेश योग कर रहे हैं। लेकिन काफी देर तक जब वह नहीं उठे तो लोग पास पहुंचे। लोग कोरोना के चलते पास नहीं गए। मामले की सूचना कंट्रोल रूम को दी। सूचना पाकर वैशाली चौकी इंचार्ज सोमवीर सिंह सोलंकी मौके पर पहुंचे। इसके बाद राजेश को वैशाली के मैक्स अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों को मामले की सूचना दी। सूचना से परिजनों में भी कोहराम मच गया। वह आननफानन अस्पताल पहुंचे। आशंका जताई जा रही है कि हार्ट अटैक से उनकी मौत हुई है। वहीं, एसएचओ कौशांबी महेंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत के सही कारणों की पुष्टि होगी।