सेना में नौकरी लगवाने के नाम पर डीयू की छात्रा से ठगे 1.15 लाख
साहिबाबाद। पप्पू कॉलोनी निवासी डीयू की छात्रा से सेना में नौकरी लगवाने के नाम पर ठगों ने एक लाख 15 हजार रुपये ऐंठ लिए। एक एप के माध्यम से पीड़िता का शातिरों से संपर्क हुआ था। नौकरी नहीं लगने पर पीड़िता ने रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने मामले में कोर्ट का आदेश लाकर पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पप्पू कॉलोनी निवासी रिंकी दिल्ली विश्वविद्यालय से बीए आनर्स पास आउट हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। इसके लिए उन्हें नौकरी की सख्त आवश्यकता थी। एक एप के माध्यम से उनका परिचय दुर्गेश शर्मा नाम के व्यक्ति से हुआ। दुर्गेश ने बताया कि उनके परिवार में कई लोग सेना में हैं। वह उनकी नौकरी सेना में लगवा देगा। झांसे में लेकर शातिर ने एक खाते में 50 हजार रुपये ट्रांसफर कराए। इस पर युवती ने कहा कि अब तो नौकरी लगवाओ तो शातिर ने दो अन्य खाते में 25-25 हजार रुपये डलवाए। इसके बाद एक अन्य खाते में 15 हजार रुपये जमा करवाए। पीड़िता ने रुपये जमा कराने के बाद नौकरी की बात की तो शातिर ने एक व्हाट्सएप पर अपनी फोटो भेजने को कहा। इसके बाद भी नौकरी नहीं लगी तो पीड़िता ने 17 जुलाई को गाजियाबाद पुलिस से शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद डीयू की छात्रा ने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर पांच लोगों के खिलाफ साहिबाबाद थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। एसएचओ विष्णु कौशिक ने बताया कि दुर्गेश, मनोज, सुनील, राजेंद्र और विष्णु प्रजापति के खिलाफ धोखाधड़ी, जान से मारने की धमकी और आईटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।
पुलिस से शिकायत करने पर धमकाया
युवती का कहना है कि नौकरी न लगने पर उन्होंने फरवरी में पुलिस से शिकायत की थी। इसके बाद उनके मोबाइल पर कई नंबरों से कॉल आई। कॉल करने वालों ने पुलिस के शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। इस पर पीड़िता ने फिर से पुलिस से शिकायत की लेकिन पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया।