युवक ने होटल में फंदा लगाकर दी जान
लोनी। इंद्रापुरी कॉलोनी स्थित ओयो होटल में मंगलवार रात एक युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर जांच शुरू कर दी है।
नांगलोई दिल्ली में सौरभ वर्मा (21) परिवार के साथ रहता था। पुलिस के अनुसार सौरभ मंगलवार दोपहर इंद्रापुरी कॉलोनी स्थित ओयो होटल में आकर रुका। होटल मालिक गौरव मित्तल ने बताया कि सौरभ ने उनके होटल में कमरा बुक किया था। शाम के समय सबमर्सिबल खराब होने पर उन्होंने सौरभ को इंद्रापुरी कॉलोनी स्थित अपने दूसरे होटल में शिफ्ट कर दिया था। बुधवार सुबह जब वह अपने कमरे से बाहर नहीं आया तो होटल स्टाफ ने दरवाजा खटखटाया। लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। होटल स्टाफ ने दरवाजा खोला तो अंदर पंखे के सहारे रस्सी के फंदे पर सौरभ लटका हुआ था। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लोनी बॉर्डर थाना एसएचओ ज्ञानेश्वर बौद्ध ने बताया कि पुलिस को मौके से सुसाइड नोट मिला है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जांच की जा रही है।