गन प्वाइंट पर छह राहगीरों को लूटा
मोदीनगर। बेखौफ बदमाशों ने निवाड़ी-सालेनगर मार्ग पर बुधवार देर शाम फ्लोर मिल मालिक समेत आधा दर्जन राहगीरों से गन प्वाइंट पर लूट की। इस दौरान बदमाशों ने बाइक, स्कूटी, नकदी व अन्य सामान लूट लिया और विरोध करने वाले राहगीरों को जमकर पीटा। दो राहगीरों को बदमाशों ने तमंचे की बट मारकर लहूलुहान कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की धरपकड़ को घंटों कांबिंग की, लेकिन उनका सुराग नहीं लग सका।
निवाड़ी कस्बा निवासी सचिन त्यागी फ्लोर मिल का संचालन करते हैं। बुधवार शाम को वह स्कूटी से मेरठ के जानी थानाक्षेत्र के गांव सालेनगर में भतीजे को शादी का कार्ड देने के लिए गए थे। शाम सात बजे वापस आते समय निवाड़ी-सालेनगर मार्ग पर तालाब के पास पहुंचे तो तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और तमंचे के बल पर स्कूटी और नकदी लूट ली। निवाड़ी की ओर से आ रहे सालेनगर निवासी मेहराजूद्दीन से भी बदमाशों ने बाइक व पांच हजार रुपये की नकदी लूट ली। विरोध करने पर बदमाशों ने दोनों को तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया। लूट के बाद बदमाश निवाड़ी की और से फरार हो गए।
छह अन्य राहगीरों से भी की लूट
स्थानीय लोगों के मुताबिक सचिन त्यागी और मेराजुद्दीन को लूटने से पहले बदमाशों ने 4 अन्य राहगीरों से भी नकदी व अन्य सामान लूट लिया। हालांकि, बदमाशों द्वारा गोली मारने की धमकी देने पर वह चुपचाप अपने घरों को रवाना हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर दौड़ पड़ी। एसएचओ ओमप्रकाश आर्य ने बताया कि बदमाशों की तलाश में कांबिग की जा रही है।