दिल्ली विस चुनाव को लेकर सीमाओं पर गाजियाबाद पुलिस अलर्ट
साहिबाबाद। दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर दिल्ली और गाजियाबाद बार्डर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सभी थाना, चौकी प्रभारियों और सीओ को अलर्ट पर रहने और संदिग्धों पर नजर बनाए रखने के निर्देश एसएसपी ने दिए हैं। साथ ही खुफिया विभाग को भी अलर्ट पर रखा गया है। एसएसपी का कहना है कि सीमाओं पर 36 प्वाइंटों को चिन्हित किया गया है।
दिल्ली की 70 सीटों पर 8 फरवरी को चुनाव होने हैं। इसके तहत बार्डर पर सुरक्षा को लेकर यूपी और दिल्ली पुलिस में कोऑर्डिनेशन हुआ है। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि दिल्ली और गाजियाबाद की सीमाओं पर 36 प्वाइंट चिन्हित किए गए हैं। इस सभी प्वाइंटों पर सुरक्षा बढ़ाई गई है। दिल्ली जाने वाले वाहनों की चेकिंग की जा रही है। संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही खुफिया विभाग को भी अलर्ट पर रखा गया है। सभी सीओ, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को गश्त कर संदिग्धों पर नजर बनाए रखने के आदेश दिए हैं। शराब तस्करी और चुनाव के दौरान रुपये वाहनों से न ले जाए जा सके, इस पर खास नजर रहेगी। एसएसपी ने बताया कि दिल्ली पुलिस के डीसीपी से लगातार बात चल रही है।