31 अगस्त से तीन सितंबर तक फिर बंद रहेगी एलिवेटेड रोड
साहिबाबाद। एनएचएआई एक बार फिर से 31 अगस्त की रात से एलिवेटड रोड को बंद करेगा। तीन सितंबर तक रात 10 से सुबह पांच बजे तक एलिवेटड रोड से दिल्ली नहीं जा सकेंगे। हिंडन नहर पर बन रहे पुल के दूसरे हिस्से में एनएचएआई की ओर काम किया जाएगा। इसके बाद आगे सात से 10 सितंबर तक एलिवेटेड रोड रात में बंद रहेगी। इस बीच 30 अगस्त तक रात में एलिवेटेड रोड खुली रहेगी।
एनएच-9 पर यूपी गेट के पास हिंडन नहर के ऊपर बन रहे पुल पर गार्डर रखने का काम एनएचएआई कर रहा है। 24 से 28 अगस्त तक दिल्ली से गाजियाबाद की ओर वाले हिस्से में गार्डर रखने का काम हुआ है। रात को एलिवेटेड रोड बंद रही थी। अब दूसरे हिस्से में गार्डर रखने का काम किया जाना है। यह काम 31 अगस्त से तीन सितंबर तक चलेगा। इस दौरान एलिवेटेड रोड को रात में 10 से सुबह पांच बजे तक बंद रखा जाएगा। ऐसे में वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ेगी।
एनएचएआई के उप महाप्रबंधक मुदित गर्ग ने बताया कि एलिवेटेड रोड पर राजनगर एक्सटेंशन से दिल्ली जाने वाले वाहनों को रोका जाएगा। एलिवेटेड रोड से वाहन दिल्ली की ओर नहीं जा सकेंगे। रात के समय में यह डायवर्जन किया गया है। इस दौरान रोड पर वाहनों का दबाव कम रहता है। 31 अगस्त की रात से काम शुरू होगा।
नहर रोड अभी रहेगी बंद
एनएच-9 पर हिंडन नहर के ऊपर 14 लेन का पुल बनाने के कार्य के चलते 10 दिनों से नहर रोड बंद है। एनएचएआई के उप महाप्रबंधक ने बताया कि अभी आगे भी इस रोड को बंद रखा जाएगा। रोड पर भारी क्रेनों को रखा गया है। पुल का निर्माण कार्य पूरा होने पर क्रेनों को हटाया जाएगा, तब नहर रोड खुलेगी। पुल पर 40 गार्डर रखे जाने हैं, जिसमें से अभी 20 गार्डर को रखने का काम बचा है।