अवैध निर्माण तोड़ने गई जीडीए टीम का विरोध, सड़क पर बैठे बिल्डर
साहिबाबाद। इंदिरापुरम में अवैध निर्माण पर कार्रवाई करने पहुंची जीडीए की टीम का बिल्डरों ने विरोध किया। बिल्डर जीडीए की टीम के आगे सड़क पर बैठ गए। अधिकारियों ने बिल्डरों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। साथ ही वैशाली में सीलिंग और तोड़फोड़ करने की कार्रवाई की गई।
बुधवार दोपहर जीडीए की टीम ज्ञानखंड और शक्तिखंड में पहुंची। जीडीए की टीम ने ज्ञान खंड दो में भूखंड संख्या 40 में स्टिल्ट में निर्माण एवं चार बिना नक्शे के आवासीय यूनिट और शक्तिखंड चार में भूखंड संख्या 556 और 558 में स्टिल्ट में बने गार्ड रूम को ध्वस्त कर दिया। इसकी जानकारी बिल्डरों को मिली तो काफी संख्या में बिल्डर एकत्र हो गए। उन्होंने जीडीए की कार्रवाई का विरोध किया। बिल्डर सड़क पर बैठकर जीडीए के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। उनकी अधिकारियों से नोकझोंक हो गई। किसी तरह अधिकारियों ने बिल्डरों को समझाकर शांत किया। बिल्डर प्रदीप गुप्ता ने बताया कि नक्शे के अनुसार बिल्डरों ने फ्लैट का निर्माण किया है। जब फ्लैट बन रहे थे, तब तो किसी भी अधिकारी ने कोई आपत्ति नहीं जताई। अब अधिकारी अवैध निर्माण बताकर फ्लैट तोड़ रहे हैं, जो कि गलत है। इसका पूर्ण विरोध किया जाएगा। ओएसडी एसके चौबे ने बताया कि 282 के करीब अवैध निर्माण चिन्हित किए हैं। जिन पर कार्रवाई की जा रही है। अवैध निर्माण को तोड़ने और सीलिंग की कार्रवाई जारी रहेगी।
वैशाली में भी की गई तोड़फोड़
जीडीए की टीम ने वैशाली में भी अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की है। यहां पर जीडीए की टीम ने सेक्टर चार में भूखंड संख्या 101 में स्टिल्ट में लोहे का फ्रेम लगाकर अतिक्रमण और दो बिना नक्शे के आवासीय यूनिट बनाई थी। जिन्हें टीम ने तोड़ दिया। साथ ही भूखंड संख्या 435 के बेसमेंट में गोदाम चल रहा था। जिसे सील कर दिया गया है। वैशाली सेक्टर एक के भूखंड संख्या 421 में भी अवैध निर्माण को सील कर दिया गया है।