31 मार्च तक ओटीएस, उद्यमियों को बकाया चुकाने में राहत
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) की मेंटीनेंस वसूली के लिए शुरू की गई एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) की आखिरी तारीख बढ़ाकर 31 मार्च कर दी है। जिले में 900 उद्यमियों को ओटीएस की तारीख बढ़ने का लाभ मिल सकेगा। इन आवंटियों से विभाग को 10 करोड़ रुपये की वसूली करनी है।
यूपीसीडा ने दिसंबर माह में बकायेदार आवंटियों के लिए ओटीएस को शुरू किया था। 20 फरवरी योजना की आखिरी तारीख थी, लेकिन इसमें कही ही आवंटियों ने रुझान नहीं दिखाया। दरअसल वर्ष 2009 में यूपीसीडा ने इन औद्योगिक क्षेत्रों को नगर निगम के हैंड ओवर कर दिया था। इसके बाद इन औद्योगिक क्षेत्रों से नगर निगम मेंटीनेंस शुल्क वसूल कर रहा है। इससे पहले का लगभग 1150 आवंटियों पर विभाग का करोड़ों रुपये बकाया रह गया था। अधिकारियों ने बकाया वसूली के लिए करीब 12 साल बाद ओटीएस को शुरू किया।
250 उद्यमियों ने विभाग में जमा कराया है ढाई करोड़ का बकाया
योजना में जिले के 250 उद्यमियों ने ढाई करोड़ रुपये का बकाया जमा कराया है। ओटीएस में इन उद्यमियों को मेंटीनेंस शुल्क में लगने वाले ब्याज पर 50 फीसदी की छूट विभाग दे रहा है। गाजियाबाद के अलावा हापुड़ की भी करीब 1100 इकाईयों से भी यूपीसीडा को बकाया वसूल करना है।
यूपीसीडा क्षेत्रीय प्रबंधक ने कहा कि ओटीएस की आखिरी तारीख को बढ़ा दिया गया है। इसके बाद आवंटियों पर दस फीसदी अतिरिक्त शुल्क देना होगा। इसके अलावा इन उद्यमियों के बकाया जमा न होने पर आवंटन भी रद किए जाएंगे।