तीन महीने से नहीं बना गाजियाबाद में एक भी गोल्डन कार्ड, नोटिस जारी
गाजियाबाद। गोल्डन कार्ड बनवाने के लिए एमएमजी, महिला एवं संयुक्त अस्पताल के ट्रामा सेंटर के अलावा किसी भी जनसुविधा केंद्र पर जाकर आधार कार्ड और आयुष्मान पत्र के साथ गोल्डन कार्ड बनवा सकते हैं। तीन महीनों से जिले में आयुष्मान योजना के लाभार्थियों का गोल्डन कार्ड नहीं बनने से सीएमओ ने संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी करजवाब तलब किया है।
उन्होंने निर्देश दिया है कि वंचित लोगों के गोल्डन कार्ड जल्द बनाए जाएं। आयुष्मान योजना के तहत 166466 लाभार्थी परिवार हैं। इनमें से अब तक 155966 लाभार्थियों के आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाए गए हैं। बचे हुए 10500 लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड बनाने के लिए सीएचसी - पीएचसी प्रभारियों को जिम्मेदारी दी गई है।
अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुनील त्यागी और जिला कार्यक्रम समन्वयक डॉ. श्वेता राणा को जिम्मेदारी दी गई है कि सभी स्वास्थ्य केंद्र प्रभारियों से तालमेल बनाकर जल्द से जल्द गोल्डन कार्ड बनाया जाए। हर महीने इसकी समीक्षा की जाती है। विधानसभा चुनाव के चलते बीते माह समीक्षा नहीं हो सकी थी। बुधवार को समीक्षा में पता चला कि पिछले तीन महीनों से जिले में एक भी लाभार्थी का गोल्डन कार्ड नहीं बनाया जा सका है। इस मामले को लेकर सीएमओ ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने दोनों अधिकारियों को नोटिस भी जारी कर दिया है। निर्देश दिया है कि जल्द से जल्द गोल्डन कार्ड बनाए जाएं अन्यथा अधिकारियों के वेतन भी रोके जा सकते हैं। डॉ. सुनील त्यागी ने बताया कि किसी भी जनसुविधा केंद्र या सरकारी अस्पताल में गोल्डन कार्ड निशुल्क बनवा सकते हैं।