जिला अस्पताल में कोरोना जांच करवाती महिला। संवाद
एक दिन में मिले सबसे ज्यादा 1963 मरीज
गाजियाबाद। कोरोना प्रतिदिन नया रिकॉर्ड बनाता जा रहा है। शुक्रवार को जिले में एक दिन में सबसे ज्यादा 1963 नए मरीज मिले। इससे पहले 28 अप्रैल 2020 को संक्रमण के 1860 मामले एक साथ सामने आए थे। जिले में इंदिरापुरम, कविनगर, साहिबाबाद और लोनी सबसे अधिक संक्रमितों के साथ बड़े हॉट स्पॉट बन गए हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि इन क्षेत्रों में विभाग की रैपिड रेस्पांस टीमों (आरआरटी) को अलर्ट किया गया है और सभी संक्रमितों तक मेडिकल किट पहुंचाई जा रही है। शुक्रवार को मिले संक्रमितों में डासना नगर पंचायत अधीशासी अधिकारी मनोज कुमार मिश्र, मसूरी थाने के सीनियर सब इंस्पेक्टर समेत कुछ पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।
शुक्रवार को मिले संक्रमितों में 70 से अधिक 17 साल से कम आयु वाले बच्चे हैं। 10 मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पिछलेे 24 घंटे में 395 लोग संक्रमण मुक्त हुए हैं। फिलहाल जिले में 10604 सक्रिय मरीज हैं। इनमें से 41 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. आरके गुप्ता ने बताया कि हॉट स्पॉट बने क्षेत्रों में विभाग सभी संक्रमितों को जरूरी दवाओं की किट पहुंचा रहा है और संक्रमण वाले घर पर नोटिस चस्पा भी किया जा रहा है।
पिछलेे तीन दिन में मिले 5373 मरीज
पिछले तीन दिनों में संक्रमितों की रफ्तार तेजी से बढ़ी है। प्रतिदिन 1500 से अधिक मरीज मिल रहे हैं। तीन दिनों में कोरोना के 5373 मरीज मिले हैं। जबकि जनवरी के 14 दिनों में ही 11452 मरीज मिल चुके हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों का अनुमान है कि इस लहर में 45 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं।
तारीख संक्रमित
14 जनवरी 1963
13 जनवरी 1581
12 जनवरी 1829
11 जनवरी 1385
10 जनवरी 893
09 जनवरी 683
08 जनवरी 609
चार बडे़ हॉट स्पॉट
इलाका मरीज
इंदिरापुरम - 967
कविनगर - 502
साहिबाबाद - 619
लोनी - 430