एमटीएनएल के रिटायर्ड डायरेक्टर को केवाईसी का झांसा देकर 50 हजार ठगे
गाजियाबाद। एमटीएनएल के रिटायर्ड डायरेक्टर से केवाईसी का झांसा देकर बदमाशों ने 50 हजार रुपये की ठगी कर ली। बदमाशों ने एयरटेल सिम की केवाईसी कराने के लिए डायरेक्टर के फोन में एप डाउनलोड कराया। जिससे मोबाइल की स्क्रीन शेयर हो गई और बदमाशों ने तीन बार में 50 हजार रुपये के अलग-अलग बिलों का भुगतान कर लिया। पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर क्राइम ब्रांच में की है।
इंदिरापुरम आम्रपाली ग्रीन के रहने वाले के. मुरली दिल्ली एमटीएनएल में डायरेक्टर की पोस्ट पर तैनात थे। शनिवार को के. मुरली के पास अनजान नंबर से किसी व्यक्ति ने फोन करके एयरटेल सिम की केवाईसी कराने के लिए कहा। इसके लिए कॉलर ने के. मुरली को बात में उलझाकर फोन में एक एप्लीकेशन डाउनलोड करा ली। जिससे के. मुरली के फोन की स्क्रीन शेयर हो गई। इसके बाद कॉलर ने पीड़ित से एयरटेल एप से 10 रुपये का भुगतान करने के लिए कहा। 10 रुपये का भुगतान करने के बाद पीड़ित के पास तीन किस्तों में बैंक से 50 हजार रुपये कटने के मेसेज आ गए। पीड़ित ने बताया कि इसके बाद कॉलर ने टेक्निकल समस्या बताकर रुपये लौटाने की बात की और अन्य प्रक्रिया करने के लिए कहने लगा। पीड़ित ने अपने साथ हुए फ्राड को भांपकर कॉलर का फोन काटकर नेट बैंकिंग आदि को ब्लॉक कराया। जिसकी शिकायत पीड़ित ने साइबर क्राइम ब्रांच में की है। साइबर क्राइम ब्रांच प्रभारी सुमित कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर बैंक से वेरिफिकेशन कराया जाएगा। जांच कराकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।