मल्टीलेवल पार्किंग को शासन से मिली मंजूरी, जनवरी में शुरू होगा निर्माण
गाजियाबाद। शहर में वाहनों की पार्किंग की समस्या दूर होगी। राज्य स्मार्ट सिटी मिशन के तहत नए बस अड्डे के पास मल्टीलेवल पार्किंग बनाने की नगर निगम की योजना को शासन से मंजूरी मिल गई है। करीब 45 करोड़ की इस मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण जनवरी माह में शुरू हो जाएगा। कार्यदायी संस्था जल निगम की सीएंडडीएस (कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज) विंग ने इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है।
नगर निगम ने यह मल्टीलेवल पार्किंग पहले नवयुग मार्केट स्थित अंबेडकर पार्क में बनाने का प्रस्ताव पास किया था। यहां विरोध होने के बाद निगम ने इसका स्थान परिवर्तन किया और नए बस अड्डे के पीछे खाली पड़ी जमीन पर निर्माण का फैसला किया था।
बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पास कराकर नगरायुक्त ने इस प्रोजेक्ट को राज्य स्मार्ट सिटी मिशन में शामिल कराया था। सीएंडडीएस से डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार कराकर मंजूरी के लिए शासन को भेजी गई थी। पांच तल की इस मल्टीलेवल पार्किंग के निर्माण पर खर्च होने वाली 45 करोड़ की रकम नगर निगम अपने संसाधनों से वहन नहीं कर सकेगा। इसके लिए प्रदेश सरकार से फंड मांगा गया था। लंबी प्रक्रिया को पूरा करने के बाद शासन ने नगर निगम की इस योजना को मंजूरी दे दी है। इसे वित्तीय स्वीकृति भी मिल गई है। अब जल्द ही इसके लिए शासनादेश जारी होना है। इसके बाद फंड मिलते ही 5 हजार वर्ग मीटर जमीन पर मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण शुरू हो जाएगा।
बेसमेंट में खड़े होंगे दुपहिया, चार तल पर कारें
नए बस अड्डे के पीछे नगर निगम ने इस पार्किंग के लिए जमीन चिह्नित कर सीएंडडीएस को दे दी है। सीएंडडीएस के परियोजना प्रबंधक मुकेश शर्मा ने बताया कि यहां बनने वाली मल्टीलेवल पार्किंग के बेसमेंट में 200 से 225 दुपहिया वाहन खड़े होने की जगह रहेगी। भूतल और तीन ऊपरी मंजिलों पर कुल 200 कारें खड़ी हो सकेंगी।
मेट्रो से सफर करना हो जाएगा आसान
गाजियाबाद से रोजाना हजारों की संख्या में लोग नौकरी और कारोबार के सिलसिले में दिल्ली आते-जाते हैं। मल्टीलेवल पार्किंग बन जाने के बाद लोग अपने वाहन इस मल्टीलेवल पार्किंग में खड़े कर मेट्रो से सफर कर सकेंगे। फिलहाल मेट्रो स्टेशन के पीछे सिर्फ दुपहिया वाहनों की पार्किंग बनी हुई है, लेकिन इसमें भी जगह कम होने की वजह से यात्रियों को परेशानी होती है।
अधिकारी बोले
मल्टीलेवल पार्किंग की डीपीआर को मंजूरी मिल गई है। इस प्रोजेक्ट को वित्तीय स्वीकृति भी मिल गई है। पार्किंग निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू करा दी गई है। जल्द ही इस परियोजना पर काम शुरू हो जाएगा। मल्टीलेवल पार्किंग बन जाने से शहर के लोगों को बड़ी सहूलियत मिलेगी। - महेंद्र सिंह तंवर, नगरायुक्त