एक हजार करोड़ से दूर होगी बिजली की बदहाली, लगेंगे स्मार्ट मीटर
गाजियाबाद। जिले में बिजली की बदहाली दूर करने के लिए पुनरुत्थान वितरण क्षेत्र योजना के तहत सर्वे का कार्य पूरा कर लिया गया है। विद्युत निगम के सर्वे में एक हजार करोड़ के कार्यों का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिसमें ट्रांसफार्मर, विद्युत उपकेंद्र तैयार करने, क्षमता बढ़ाने, जर्जर तार हटाने जैसे कार्य शामिल हैं। इस योजना के तहत जिले में स्मार्ट मीटर लगाने का प्रस्ताव भी भेजा गया है।
एमडी विद्युत निगम ने पिछले दिनों अधिकारियों को सभी खंडों में कराए जाने वाले कार्यों का सर्वे कराने के निर्देश दिए थे। इसके बाद सर्वे को पूरा कर एक हजार करोड़ का प्रस्ताव जिले की बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बना है। पुनरुत्थान योजना का मकसद बिजलीघर से लेकर उपभोक्ता तक निर्बाध विद्युत आपूर्ति पहुंचाना है। अधिकारियों का कहना है कि बिजली इंफ्रास्ट्रक्चर को पूरी तरह से अपग्रेड किया जाएगा। योजना के तहत जर्जर विद्युत लाइनों को एबीसी तार में बदला जाएगा। ट्रांसफार्मर व विद्युत उपकेंद्र की क्षमता बढ़ाई जाएगी। इसके अलावा नए उपकेंद्र तैयार कर ओवरलोड जैसी समस्याओं को खत्म किया जाएगा। विद्युत उपकेंद्र को डबल सोर्स से जोड़ने व प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाने का काम होगा। पुर्नोत्थान वितरण क्षेत्र योजना के तहत अगले पांच साल में सभी कार्यों को पूरा कराया जाना है।
2023 तक स्मार्ट मीटर लगाने की तैयारी
विद्युत निगम के अधिकारियों का कहना है कि साल 2023 तक योजना के तहत जिले में स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे। इसमें औद्योगिक और वाणिज्यिक उपभोक्ता, सरकारी कार्यालयों व ज्यादा नुकसान वाले क्षेत्र को पहले चरण में प्राथमिकता दी जाएगी। नलकूप कनेक्शन पर स्मार्ट मीटर फिलहाल लगाने का प्रस्ताव नहीं है।