मधुबन बापूधाम में भूखंड के दाम बढ़ने का 1500 आवंटी करेंगे विरोध
गाजियाबाद। मधुबन बापूधाम योजना में किसानों को दिए गए बढ़े मुआवजे का भार आवंटियों पर डालने की जीडीए ने तैयारी कर ली है। 26 अगस्त को बोर्ड बैठक में भूखंड की कीमत बढ़ाने के प्रस्ताव पर मधुबन बापूधाम आवंटियों ने विरोध तेज कर दिया है। आवंटियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर मामले की जांच कराने की मांग की है। दूसरी ओर निर्णय के खिलाफ मधुबन भूखंड आवंटियों ने बोर्ड बैठक के वक्त प्राधिकरण का घेराव करने की बात कही है। आठ सूत्रीय मांगों को लेकर आवंटियों ने जीडीए गेट पर धरना प्रदर्शन की बात कही है।
वहीं अगर बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पास हो जाता है तो आवंटियों को 11800 रुपये प्रति वर्ग मीटर में आवंटित हुए भूखंड की जगह अतिरिक्त 5175 रुपये प्रति वर्ग मीटर की कीमत चुकानी होगी। आरडीसी के एक होटल में प्रेसवार्ता में बोलते हुए मधुबन बापूधाम वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष राजेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि जीडीए मनमाने तरीके से आवासीय भूखंड की कीमत बढ़ाकर आवंटियों पर भार डालने की तैयारी कर रहा है। मामले में मंडलायुक्त को ज्ञापन सौंपकर दाम बढ़ाने संबंधी प्रस्ताव को वापस लेने और डिमांड नोटिस को खारिज करने की मांग की गई थी। इसके बावजूद बोर्ड बैठक एजेंडा में प्रस्ताव को रखा जा रहा है। योजना की विभिन्न पॉकेट में जीडीए ने कोई विकास कार्य नहीं किया है, लेकिन बेवजह भार आवंटियों पर डालने की तैयारी है। इसकी शिकायत मुख्यमंत्री से कर मामले की जांच कराने की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि बोर्ड बैठक के वक्त जीडीए का घेराव कर गेट पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। अन्य मांगों में आवंटियों को भूखंड पर कब्जा दिलाने, रजिस्ट्री खोलने, विकास कार्य कराने, नक्शा पास करने सहित कुल आठ सूत्रीय मांगे रखी गईं। इस मौके पर सोसायटी सचिव लीलाधर मिश्रा, कोषाध्यक्ष बबीता त्यागी, राजीव त्यागी, कल्याण सिंह, संजय त्यागी, महेश तेवतिया, रमेश कुमार, सुनीत श्रीवास्तव सहित आदि लोग मौजूद रहे।