सपा ने साइकिल रैली निकाल लिया सत्ता वापसी का संकल्प
गाजियाबाद/मोदीनगर। पं. जनेश्वर मिश्र की जयंती पर समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यकर्ताओं ने शहर व देहात में साइकिल रैली निकालकर ताकत दिखाई। कार्यकर्ताओं ने विधानसभा चुनाव-2022 में सत्ता में वापसी का संकल्प लिया। लोहियानगर से जिला प्रभारी राजकुमार भाटी ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान कोविड नियमों का भी उल्लंघन किया गया। अधिकांश पदाधिकारी व कार्यकर्ता बिना मास्क के साइकिल चलाते दिखे।
जिलाध्यक्ष राशिद मालिक व महानगर अध्यक्ष राहुल चौधरी के नेतृत्व में कार्यकर्ता रैली में शामिल हुए। सपा ने महंगाई, भ्रष्टाचार, कृषि कानून के खिलाफ साइकिल रैली के दौरान विरोध किया। रैली लोहिया नगर स्थित लोहिया पार्क से शुरू होकर सब्जी मंडी, मालीवाड़ा चौक, अंबेडकर रोड, चौधरी मोड़, घंटाघर होते हुए शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा के पास जाकर समाप्त हुई। राशिद मलिक ने कहा कि प्रदेश की भ्रष्टाचारी, किसान विरोधी, महिला विरोधी, मजदूर विरोधी और व्यापार विरोधी सरकार को विधानसभा चुनाव में उखाड़ने का काम किया जाएगा। राहुल चौधरी ने कहा कि रैली में कार्यकर्ताओं ने सत्ता वापसी का संकल्प लिया। इस मौके पर पूर्व विधायक सुरेंद्र कुमार मुन्नी, पूर्व विधायक अमरपाल शर्मा, जिला महासचिव वीरेंद्र यादव, हिमांशु पराशर, अभिषेक गर्ग, प्रेमचंद गुप्ता, अलाउद्दीन अब्बासी, मुकीम चौधरी, राजदेवी चौधरी, किरण कालिया, मधु चौधरी, पुष्पा शर्मा, आशा सचदेवा, दिलशाद, आदिल मालिक, आरिफ मालिक, हाजी आसिफ, पुष्पेंद्र चौधरी, केपी यादव, अरुण यादव, मनोज पंडित, रविंद्र यादव आदि मौजूद रहे। उधर, मोदीनगर में सपा के नगर अध्यक्ष मनीष बंसल और देवव्रत धामा के नेतृत्व में साइकिल रैली निकाली गई। रैली का शुभारंभ सपा के राष्ट्रीय सचिव रमेश प्रजापति ने हरी झंडी दिखाकर किया। समापन वरिष्ठ नेता राजकुमार भाटी ने किया। रैली का आकर्षण नन्ही साइकिल सवार तनिष्का बंसल रही।