फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इंजीनियर की पत्नी से मंगलसूत्र और लोहा कारोबारी से चेन लूटी

विज्ञापन
कविनगर बी-ब्लॉक में लूट की घटना के बाद घटना की जानकारी लेने पहुंचे एसपी सिटी - फोटो : GHAZIABAD City
विज्ञापन
इंजीनियर की पत्नी से मंगलसूत्र और लोहा कारोबारी से चेन लूटी
विज्ञापन

गाजियाबाद। कविनगर इलाके में बाइकर्स गैंग के बदमाशों ने सोमवार रात 45 मिनट के अंदर लूट की दो वारदात को अंजाम दिया। पहली घटना में शास्त्रीनगर चौकी क्षेत्र में इंजीनियर की पत्नी से सोने का मंगलसूत्र लूटा और फिर कविनगर बी-ब्लॉक में लोहा कारोबारी से सोने की चेन लूट ली।
केस एक : हीरालाल अस्पताल के पास की वारदात
हीरालाल हॉस्पिटल के मालिक केसी गर्ग के भतीजे आयुष गर्ग पेशे से इंजीनियर हैं। उन्होंने बताया कि खाना खाने के बाद सोमवार रात करीब सवा 8 बजे वह पत्नी नेहा गर्ग के साथ टहल रहे थे। जैसे ही वह शास्त्रीनगर बी व सी ब्लॉक के बीच में पीले गेट के पास पहुंचे तो पीछे से बाइक पर आए दो बदमाशों ने उनकी पत्नी का सोने का मंगलसूत्र लूट लिया।
विज्ञापन

आयुष गर्ग पत्नी को लेकर शास्त्रीनगर चौकी पहुंचे तो वहां सन्नाटा मिला। एक भी पुलिसकर्मी न होने के कारण वह मौके से लौट आए। रास्ते में चौराहे पर उन्हें फैंटम सवार दो पुलिसकर्मी मिले। घटना बताने पर उन्होंने कार्रवाई करने की बजाय कह दिया कि रात हो गई है, सुबह आना। घर आने के बाद डायल-112 पर सूचना दी गई, तब जाकर शास्त्रीनगर चौकी इंचार्ज और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे।
चौकी इंचार्ज बोले- कोई घटना नहीं हुई
शास्त्रीनगर चौकी के प्रभारी जयवीर सिंह से जानकारी ली गई तो उन्होंने घटना होने से ही इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि शास्त्रीनगर में मंगलसूत्र लूट की कोई घटना उनकी जानकारी में नहीं है। जबकि स्थानीय लोगों का कहना है कि डायल-112 पर सूचना देने के बाद खुद चौकी इंचार्ज ने पीड़ित के पास पहुंच घटना की जानकारी ली थी।
केस-2 : कविनगर में अग्रवाल स्वीट्स के पास लूट
कविनगर बी-ब्लॉक में रहने वाले दिव्यांश सिंघल लोहा मंडी में लोहे का कारोबार करते हैं। उन्होंने बताया कि रात करीब 9 बजे वह कविनगर बी-ब्लॉक की मार्केट में घूम रहे थे। अग्रवाल स्वीट्स के पास पहुंचते ही पीछे से बाइक पर आए दो बदमाशों ने उनके गले से चार तोला सोने की चेन लूट ली। झपट्टा मारते वक्त चेन उलझने पर उनकी शर्ट भी फट गई।
छह माह पहले बदमाशों ने दादा के साथ की थी वारदात
दिव्यांश सिंघल ने बताया कि छह माह पहले बदमाशों ने उनके दादा से भी सोने की चेन लूट ले गए थे। इसके अलावा आए दिन वाहन चोरी की घटनाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बी-ब्लॉक मार्केट में एक चिकन कॉर्नर पर संदिग्ध प्रवृत्ति के लोग आते हैं और शराब पीते हैं। शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही।
ट्रेस कर लिए गए हैं कुछ बदमाश : एसपी सिटी
दो घटनाओं की सूचना मिलते ही एसएचओ कविनगर संजीव शर्मा, सीओ कविनगर अंशु जैन के अलावा खुद एसपी सिटी निपुण अग्रवाल कविनगर बी-ब्लॉक में पहुंचे और पीड़ित से जानकारी ली। पुलिस रातभर कांबिंग करती रही, लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लग सका। एसपी सिटी का कहना है लूटपाट करने वाले बाइकर्स गैंग व गुड मॉर्निंग गैंग के बदमाशों के बारे में अहम सुराग लगे हैं। कुछ बदमाश ट्रेस कर लिए गए हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
विज्ञापन

--------------
इनसेट.......
पूर्व डीजीपी की बहू से लूट करने वाले बदमाश पकड़े गए
यूपी के पूर्व डीजीपी एसएन चक के भतीजे नेहरू नगर एच-ब्लॉक निवासी अनुज बीते शनिवार को पत्नी सुलेखा के साथ राकेश मार्ग से एलआईसी की तरफ जा रहे थे। सिहानी गेट क्षेत्र में जज कॉलोनी के पास बाइक सवार बदमाशों ने सुलेखा से चेन लूट ली। एसपी सिटी ने बताया कि पूर्व डीजीपी की बहू से चेन लूटने वाले बदमाश नोएडा में पकड़े जा चुके हैं। उन्हें रिमांड पर लाकर पूछताछ की जाएगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें