वाहनों से डीजल चुराने वाले गिरोह के सदस्य विजयनगर पुलिस की गिरफ्त में
गाड़ियों से डीजल चुराने वाला गैंग पकड़ा, दो गिरफ्तार
गाजियाबाद। हाईवे किनारे खड़े वाहनों से डीजल चोरी करने वाले गैंग का खुलासा करते हुए विजयनगर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से फर्जी नंबर प्लेट लगी कैंटर, दो ड्रमों में भरा करीब 100 लीटर डीजल व अन्य सामान बरामद हुआ है। आरोपियों ने 22 जुलाई की रात को भी एक ट्रक से 200 लीटर डीजल चोरी किया था। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है।
एसपी सिटी निपुण अग्रवाल ने बताया कि थाना अगौता, बुलंदशहर के गांव लहोंद्रा निवासी कमल सिंह हिंदुस्तान ट्रेलर सर्विस ट्रांसपोर्ट कंपनी का ट्रक चलाते हैं। 22 जुलाई की रात को वह विजयनगर के आर्या फार्म के सामने ट्रक खड़ा कर उसमें सो गए। सुबह उठकर देखा तो ट्रक के डीजल टैंक का ढक्कन टूटा हुआ था और टैंक में भरा करीब 200 लीटर डीजल चोरी मिला। कमल सिंह के मुताबिक पूर्व में कई बार ट्रक से डीजल चोरी हो चुका है। केस दर्ज कर पुलिस ने डीजल चोर गैंग की तलाश शुरू कर दी थी। शनिवार को गैंग का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान पिलखुवा के मोहल्ला किशनगंज नई आबादी निवासी इस्लामुद्दीन और जाकिर अली के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से फर्जी नंबर प्लेट लगी कैंटर, प्लास्टिक के दो ड्रमों में भरा 100 लीटर डीजल, दो प्लास्टिक पाइप व डडंा बरामद हुआ है। एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी ट्रक चालकों को गुमराह करने के लिए फर्जी नंबर प्लेट लगी कैंटर साथ रखते थे। चालकों से सो जाने पर वह वाहनों से डीजल चोरी कर फरार हो जाते थे।