मेगा वैक्सीनेशन में 86 हजार छूटे लोगों पर रहेगा जोर
गाजियाबाद। स्वास्थ्य विभाग का 45 वर्ष से अधिक उम्र वालों के टीकाकरण पर जोर रहेगा। इसके लिए आशा व एएनएम को निर्देश दिए गए हैं कि इन्हें टीकाकरण केंद्र तक लाएं। जिससे सभी को कोरोना से बचाव का टीका लगाया जा सकेे। सर्वे में 45 वर्ष से अधिक उम्र के 86 हजार ऐसे लोग मिले थे, जिन्हें अब तक एक भी डोज नहीं लगाया गया है। छठे मेगा वैक्सीनेशन के लिए सीएमओ ने आशा को निर्देश दिया है कि एक सप्ताह में छूटे हुए लोगों को केंद्र तक पहुंचाने के लिए जागरूक करें, जिससे उनका टीकाकरण किया जा सके।
27 सितंबर को मेगा वैक्सीनेशन में 85 हजार से अधिक लोगों को टीका लगाने की तैयारी में स्वास्थ्य विभाग जुटा है। पिछले मेगा अभियान में भी शासन स्तर से 85 हजार लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य दिया गया था, लेकिन विभाग सिर्फ 73 हजार लोगों का ही टीकाकरण कर पाया था। इस पर तर्क दिया गया था कि विश्वकर्मा जयंती पर सार्वजनिक अवकाश होने से लोग घर से नहीं निकले थे। अब 27 सितंबर को छठे मेगा वैक्सीनेशन का आयोजन किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग इसमें लक्ष्य से अधिक टीकाकरण करने की तैयारी में जुट गया है। सीएमओ डॉ. भवतोष शंखधार ने बताया कि अभियान में 85 हजार से भी अधिक लोगों को टीका लगाने का प्रयास रहेगा।