हंगामा देख बिना भाषण दिए लौट गए ओवैसी
गाजियाबाद। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के राष्ट्रीय प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी से मिलने के लिए बृहस्पतिवार को मसूरी में हुजूम लग गया। भारी भीड़ और ओवैसी के साथ फोटो खिंचवाने को लेकर लोग कुर्सियों पर चढ़ गए। भीड़ के बीच हंगामा होता देख ओवैसी लोगों को संबोधित किए बिना ही कार्यक्रम छोड़ मुरादाबाद के लिए रवाना हो गए। इसके बाद पार्टी को सफाई देनी पड़ी कि कार्यक्रम सिर्फ कार्यालय के उद्घाटन का था। इसलिए वो फीता काट कर चल गए। आयोजन स्थल पर व्यवस्था ऐसी बिगड़ी की न ठीक से उद्घाटन हुआ और न ही आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर उनका भाषण हो पाया।
पार्टी के तय कार्यक्रम के हिसाब से एआईएमआईएम प्रमुख दिल्ली से मुरादाबाद में आयोजित किए कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए जा रहे थे। बीच में उन्हें एनएच-9 किनारे (मसूरी) फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित पार्टी कार्यालय का उद्घाटन करना था। कार्यक्रम को लेकर पूरी तैयारियां की गई थीं। मुख्य अतिथि के लिए टेबल कुर्सी लगाई गई थी और सामने लोगों के बैठने का इंतजाम था। दोपहर में जैसे ही ओवैसी कार्यक्रम में पहुंचे तो भगदड़ मच गई। कोई हाथ मिलाना चाहता था तो कोई साथ में फोटो खिंचवाने की जद्दोजहद में लग गया। देखते ही देखते लोगों ने उन्हें घेर लिया। व्यवस्था ऐसी बिगड़ी की न सोशल डिस्टेंसिंग का पालन हुआ और न ही पार्टी के किसी प्रोटोकॉल का। लोग आयोजन स्थल की बाउंड्रीवॉल फांदकर आयोजन स्थल में घुस गए। एकाएक भीड़ बढ़ती देख ओवैसी भी नहीं समझ पाए कि स्थिति कैसे संभलेगी। कार्यक्रम आयोजित कर रहे पार्टी के प्रदेश सचिव आरिफ अली व अन्य लोग भी नहीं समझ पाए कि अब स्थिति कैसे संभलें। अव्यवस्था के बीच जल्दबाजी में पार्टी कार्यालय के उद्घाटन का फीता काटकर ओवैसी चले गए। कुछ देर के लिए उन्होंने संत युवराज से कुछ कान में बात की। उधर, संत युवराज ने कहा कि एआईएमआईएम प्रमुख और हमारा उद्देश्य की विचारधारा एक है। हम 42 पार्टियां एक साथ आई हैं और ओवैसी बेबाकी से अपने बात रखते हैं। हम किसी धर्म या जाति की बात नहीं करते हैं बल्कि विकास हमारा मुख्य एजेंडा होगा। तीसरा मोर्चो मजबूती के साथ प्रदेश में काम कर रहा है और यही अगले वर्ष विधान सभा चुनाव जीतेगा।
दो गज की दूरी और मास्क भूले लोग
आयोजन स्थल पर कोरोना प्रोटोकॉल का भी जमकर उल्लंघन हुआ। आयोजन स्थल पर लोग दो गज की दूरी और मास्क लगाना भूल गए। कार्यक्रम में शामिल लोग कुर्सियां सटाकर बैठ थे और ओवैसी के पहुंचने पर मिलने के चक्कर में एक दूसरे से और भी सट गए।
पार्टी प्रमुख का सिर्फ कार्यालय उद्घाटन का कार्यक्रम था। उनके पहुंचने पर भारी संख्या में लोगों के एक जगह जुटने से कुछ अव्यवस्था जरूर र्हुइ, लेकिन बाकी कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से निपट गए। बाकी उन्हें कोई विशेष तौर पर संबोधित नहीं करना था। - आरिफ अली, पार्टी प्रदेश सचिव