सामूहिक दुष्कर्म के आरोपी की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
गाजियाबाद। सामूहिक दुष्कर्म के मामले में जेल में बंद हिंडन विहार निवासी शादाब (22) की सोमवार दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गुस्साए परिजनों ने जेलकर्मियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए एमएमजी अस्पताल में हंगामा कर दिया। उन्होंने शादाब के शरीर पर चोट के निशान होने की बात कही। हंगामे के दौरान मृतक के परिजनों और जेलकर्मियों से हाथापाई भी हुई, जिसमें शादाब का भाई घायल हो गया। स्थानीय पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की बात कह परिजनों को शांत किया। वहीं, जेल प्रशासन का कहना है कि सुबह के वक्त शादाब के सीने में दर्द उठा था।
विजयनगर थानाक्षेत्र में रहने वाली महिला ने गत 4 अप्रैल को नंदग्राम थाने में केस दर्ज कराया था। उसका कहना था कि वह अपने 13 वर्षीय बेटे के साथ मोहन नगर निवासी रिश्तेदार के यहां जन्मदिन पार्टी में गई थी। रात में वह रिश्तेदार की कार में हिंडन मेट्रो स्टेशन तक लिफ्ट लेकर आ गई। इसी बीच उसके बेटे को लघुशंका लगी। वह सड़क से नीचे उतरकर बेटे को लघुशंका कराने लगी। इसी बीच कार सवार चार युवक आए और बेटे के सामने ही उससे सामूहिक दुष्कर्म किया। नंदग्राम पुलिस ने 6 अप्रैल को हिंडन विहार निवासी शादाब व उसके साथी आसिफ को गिरफ्तार कर 7 अप्रैल को जेल भेजा था। तभी से शादाब जेल में बंद था। शादाब के परिजनों का कहना है कि सोमवार दोपहर उन्हें जेल से फोन आया कि शादाब की तबीयत बिगड़ गई है। उसे एमएमजी लेकर आ रहे हैं। परिजन एमएमजी पहुंचे तो एंबुलेंस से शादाब को लाया गया। वहां उसकी मौत हो गई।
शरीर पर चोट के निशान होने की बात कही
परिजनों का कहना है कि शादाब के शरीर पर चोट के निशान हैं। उन्होंने जेल कर्मियों पर शादाब की हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। इस दौरान उनकी जेलकर्मियों से हाथापाई भी हो गई। परिजनों का कहना है कि जेलकर्मियों द्वारा की गई मारपीट में शादाब का भाई घायल हो गया। सूचना पर नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझा-बुझाकर शांत किया। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका। नगर कोतवाल संदीप सिंह का कहना है कि घटना के संबंध में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।
जेल अधीक्षक आलोक सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह साढ़े 11 शादाब के सीने में दर्द उठा था। उसे जेल अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत बिगड़ने पर दोपहर डेढ़ बजे उसे जिला एमएमजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान ढाई बजे उसकी मौत हो गई।