कोरोना से सात की मौत, 179 नए संक्रमित मिले
गाजियाबाद। कोरोना से सोमवार को जिले में सात संक्रमितों की मौत की पुष्टि की गई है। रविवार को जिले में कोरोना से कोई मौत नहीं हुई थी लेकिन इसके एक दिन बाद ही सात मौत की पुष्टि की गई है। इसके साथ ही जिले में कोरोना से मरने वालों की संख्या 420 हो गई है। शासन से जारी आंकड़ों के मुताबिक जिले में सोमवार को 179 नए संक्रमित सामने आए हैं, जिसके बाद अब कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या 54222 हो गई है। 2068 मरीजों का विभिन्न अस्पताल और होम आइसोलेशन में इलाज चल रहा है।
254 संक्रमित हुए स्वस्थ
जिले में 254 संक्रमित स्वस्थ हुए। अस्पताल में भर्ती मरीजों को रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद छुट्टी दी गई। अब तक 51724 संक्रमित कोरोना को मात दे चुके हैं।
विवादित बयान पर कार्यवाहक बने सीएमओ से मांगा स्पस्टीकरण
कोरोना काल के दौरान सीएमओ की जिम्मेदारी संभाल रहे अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुनील त्यागी से शासन ने विवादित बयान पर स्पष्टीकरण मांगा है। इस मामले में विशेष सचिव डॉ. मन्नान अख्तर ने एसीएमओ को नोटिस जारी किया है। एसीएमओ ने मीडिया में बयान दिया था कि अस्पतालों में बेड के लिए स्वास्थ्य राज्यमंत्री भी तरस रहे हैं। इसके अलावा अस्पतालों में ऑक्सीजन आपूर्ति को लेकर भी डॉ. सुनील त्यागी ने विवादित बयान दिया था। शासन से इस मामले में नाराजगी जाहिर करते हुए दो दिन में स्पष्टीकरण मांगा गया है।