दस साल से नहीं बनीं सड़क, बच्चों ने पोस्टर बनाकर दिखाया आइना
साहिबाबाद। अहिंसाखंड की टूटी सड़क बनवाने को लेकर चल रहे अभियान में प्रिंसेस पार्क और एसपीएस हाइट के बाद अब ऋषभ प्लेटिनम सोसायटी के लोग भी शामिल हो गए हैं। सोसायटी के लोगों ने अपनी बालकनी में सड़क बनवाने की मांग करते हुए बैनर-पोस्टर लगाए। कब जागेंगे अधिकारी, सड़कें हैं जर्जर हमारी और घर-घर का पूछे बच्चा, कब होगा अहिंसाखंड अच्छा..., जैसे स्लोगन लिखे हुए बैनर और पोस्टर बालकनी में लगाकर अधिकारियों तक बात पहुंचाने की कोशिश की।
अहिंसाखंड की टूटी सड़क से यहां की 22 सोसायटियों के हजारों लोग पिछले दस वर्षों से परेशानी झेल रहे हैं। टूटी सड़क के प्रति अधिकारियों को नींद से जगाने के लिए इस अभियान की शुरुआत प्रिंसेस पार्क सोसायटी से हुई थी जिसके बाद लगातार एक-एक कर सोसायटियां जुड़तीं जा रही हैं। मंगलवार को ऋषभ प्लेटिनम सोसायटी की करीब 50 फ्लैटों की बालकनी में भी अधिकारियों को जगाने के लिए बैनर लगाए गए।
परिचर्चा
हम लोग टूटी सड़क की समस्या पिछले दस वर्षों से झेल रहे हैं। अधिकारियों से पत्राचार कर थक चुके हैं। कहीं कोई सुनवाई नहीं होती। ऐसे में सोसायटी के लोगों के पास विरोध जताने का यही तरीका बचा था। उम्मीद है कि अधिकारियों तक बात पहुंचेगी। -अभिनव अग्रवाल
सड़क बनवाने के लिए हम लोगों का यह अभियान अब रुकेगा नहीं। अपने स्तर से हम लोग लगातार अधिकारियों को जगाने का प्रयास करेंगे, फिर भी समस्या का हल नहीं हुआ तो हम अपनी आवाज सीएम कार्यालय तक पहुंचाएंगे। - वरुण जैन
बच्चों ने पेंटिंग बनाकर जताया विरोध
टूटी सड़क के खिलाफ अनोखा विरोध प्रदर्शन करते हुए अहिंसाखंड की महिलाओं ने सड़क पर बैलगाड़ी चलाकर अपना विरोध जताया। इसके बाद प्रिंसेस पार्क एवं एंजेल मर्करी सोसायटी में बच्चों के बीच टूटी सड़क को लेकर पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस प्रतियोगिता में अपनी पेंटिंग के जरिए बच्चों ने अधिकारियों को जगाने का प्रयास किया। पेंटिंग के माध्यम से अहिंसाखंड की टूटी सड़क से होने वाली परेशानियों को ड्राइंगशीट पर बखूबी उकेरा। बच्चों ने अपनी पेंटिंग में स्लोगन भी लिखे। असमी फाउंडेशन की पदाधिकारी डॉ. भारती गर्ग ने बताया कि बच्चों द्वारा बनाई गई पेंटिंग को अब सोशल मीडिया पर अपलोड किया जाएगा, ताकि अधिकारी और जनप्रतिनिधि जागें और सड़क की सुध लें।