कोरोना के 441 संक्रमितों को अस्पताल में किया शिफ्ट
गाजियाबाद। कोरोना संक्रमण के मामले रोज बढ़ते जा रहे हैं। तबीयत बिगड़ने और उम्र का ख्याल रखते हुए 441 मरीजों को होम आइसोलेशन से अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। मंगलवार को 199 नए संक्रमण के मामले सामने आए। 52 मरीज स्वस्थ हुए। जिले में सक्रिय संक्रमितों की संख्या 1063 हो गई है। 600 मरीजों का इलाज होम आइसोलेशन में चल रहा है। कोरोना से 104 लोगों की जान गई है।
अस्पतालों में भर्ती किए गए मरीजों में सीनियर सिटीजन की संख्या अधिक है। इनमें से कुछ मरीज डायबिटीज, ब्लड प्रेशर या अन्य रोगों से ग्रस्त हैं। जबकि कुछ बुजुर्ग मरीजों को सांस में दिक्कत के चलते अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। अब जिले में कोरोना संक्रमण के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी होने पर जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग अन्य विभागों के सहयोग से सैंपलिंग, टेस्टिंग, कॉन्ट्रेक्ट ट्रैसिंग, सैनिटाइजेशन का काम बढ़ाया गया है।
आइसोलेशन विंग की बढ़ाई जिम्मेदारी
जिले में 247 होम आइसोलेशन विंग सक्रिय कर दी गई हैं। इसमें 11 चिकित्सक व 12 स्टॉफ नर्स, फार्मसिस्ट द्वारा होम आईसोलेशन के मरीजों की निगरानी नियमित रूप से दिन में दो बार की जा रही है। विंग में तैनात स्टाफ संक्रमितों से स्वास्थ्य के बारे में लगातार फीडबैक ले रहा है। इसी के साथ साथ होम आइसोलेशन विंग के द्वारा वैक्सीनेशन, होम क्वारंटीन, सैनिटाइजेशन सहित अन्य संबंधति हेल्प लाइन कॉल का निस्तारण भी किया जा रहा है।
आरआरटी टीमों को लगाया :
10 चिकित्सक व 10 फार्मासिस्ट की रेपिड रेस्पांस टीम के द्वारा संक्रमित मरीजों के घर जाकर उपचार से संबंधित परामर्श दिया जा रहा है। जिससे मरीजों को घर पर ही बेहतर उपचार मिल सके और अस्पताल में भर्ती करने की नौबत न आए। ये टीमें दवाईयों का वितरण भी कर रही हैं।