प्रधान पद के 450, जिला पंचायत के 39 दावेदारों ने खरीदे नामांकन पत्र
गाजियाबाद। पंचायत चुनाव के लिए नामांकन पत्र खरीदने के लिए दूसरे दिन रविवार को भी दावेदारों भीड़ रही। होली का अवकाश होने के बावजूद नामांकन पत्र दिए गए। रविवार को जिला पंचायत सदस्य पद के 39 और प्रधान पद के लिए सबसे ज्यादा 420 दावेदारों ने नामांकन पत्र खरीदे। प्रधान पद के लिए सबसे ज्यादा 165 नामांकन पत्र भोजपुर ब्लाक में बिके। तीन अप्रैल से नामांकन पत्र जमा करने की प्रक्रिया शुरू होगी।
पहले दिन जिला पंचायत सदस्य के लिए एक भी नामांकन पत्र नहीं बिका था। दूसरे दिन रविवार और होली का अवकाश होने के बावजूद नामांकन पत्र खरीदने के लिए कार्यालय खोले गए। सभी ब्लॉक कार्यालयों पर प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए और जिला मुख्यालय से जिला पंचायत सदस्य पद के लिए नामांकन पत्र वितरित किए गए। जिला निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक रविवार को जिला पंचायत सदस्य पद के लिए 21 नामांकन पत्र आरक्षित और 18 अनारक्षित पदों के लिए खरीदे गए। कुल 39 दावेदारों ने पर्चे खरीदे। वहीं रजापुर ब्लाक में रविवार को 159 नामांकन पत्र प्रधान पद के लिए, 73 क्षेत्र पंचायत सदस्यों के लिए और 46 नामांकन पत्र ग्राम पंचायत सदस्य के लिए खरीदे गए। दोपहर तीन बजे तक नामांकन पत्र दिए गए। अब सोमवार को अवकाश के चलते नामांकन पत्रों की बिक्री अब मंगलवार को होगी। तीन और चार अप्रैल को नामांकन पत्र जमा किए जाएंगे।
लोनी ब्लॉक में 133 नामांकन पत्र खरीदे गए
पंचायत चुनाव के लिए लोनी ब्लॉक से रविवार को 133 दावेदारों ने नामांकन पत्र खरीदे। ग्राम पंचायत सदस्य के लिए 52 और क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए 33 नामांकन पत्र खरीदे गए। प्रधान पद के लिए 48 नामांकन पत्र बिके। सहायक विकास अधिकारी मोहित अग्रवाल ने बताया कि पहले दिन 13 लोग ही पत्र खरीद सके थे। होली पर्व के बावजूद रविवार को नामांकन पत्र खरीदने वाले दावेदारों की संख्या ज्यादा रही।
भोजपुर में प्रधान पद के लिए सबसे ज्यादा नामांकन पत्र बिके
मोदीनगर के भोजपुर में पहले दिन की सुस्ती के बाद रविवार को दूसरे दिन नामांकन पत्र खरीदारों की भारी भीड़ रही। भोजपुर ब्लॉक में सबसे ज्यादा 165 नामांकन पत्र प्रधान पद के लिए खरीदे गए। मुरादनगर में प्रधान पत्र के 48 दावेदारों ने चुनाव लड़ने के लिए पर्चे खरीदे। जिला कृषि अधिकारी व आरओ राकेश कुमार ने बताया कि भोजपुर ब्लाक में रविवार को कुल 292 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। इसमें प्रधान पद के लिए 165, क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए 80 और ग्राम पंचायत सदस्य के लिए 47 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। वहीं, मुरादनगर विकास खंड कार्यालय पर रविवार को दूसरे दिन प्रधान पद के लिए 48, क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए 27 और ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए 26 नामाकंन पत्रों की बिक्री हुई। पहले दिन शनिवार को इस ब्लॉक में 143 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई थी।