दिल्ली-रांची राजधानी एक्सप्रेस में दिखा धुआं।
नई दिल्ली-रांची स्पेशल एक्सप्रेस के ब्रेक हुए जाम, गाजियाबाद में रोकी ट्रेन
गाजियाबाद। लगेज व गार्ड कोच से सोमवार को धुआं उठता देखकर नई दिल्ली-रांची स्पेशल एक्सप्रेस को गाजियाबाद के पुराने रेलवे स्टेशन पर रोका गया। गार्ड ने इसकी सूचना ट्रेन के लोको पायलट और कंट्रोल रूम को दी। जांच में पाया गया कि कोच के ब्रेक जाम हो जाने से धुआं और चिंगारी निकली थी। करीब 15 मिनट की जांच के बाद रेलवे के इंजीनियरों ने कोच को फिट करार दिया, इसके बाद ट्रेन को आगे रवाना किया गया। इस ट्रेन का गाजियाबाद में स्टॉपेज नहीं है।
इससे पहले शनिवार सुबह करीब पौने सात बजे नई दिल्ली-लखनऊ शताब्दी एक्सप्रेस के लगेज कोच में आग लग गई थी। गाजियाबाद स्टेशन पर इस शताब्दी को रोककर मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया था। सोमवार शाम नई दिल्ली-रांची स्पेशल (02242) एक्सप्रेस में धुआं उठने की सूचना पाते ही रेलवे अधिकारियों में अलर्ट हो गए। यह ट्रेन शाम 4:10 बजे नई दिल्ली से रवाना हुई थी। रेलवे के स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, साहिबाबाद स्टेशन के पास गार्ड को लगेज कोच के नीचे से धुआं उठता दिखाई दिया। उन्होंने इसकी सूचना तत्काल लोको पायलट और कंट्रोल रूम को दी। गाजियाबाद स्टेशन पर इस ट्रेन का स्टॉपेज न होने के बावजूद शाम 4:45 बजे ट्रेन को यहां रोककर प्लेटफार्म नंबर-3 पर आईसोलेट कर दिया गया। ट्रेन में और स्टेशन पर मौजूद तकनीकी स्टाफ ने कोच को अटेंड कर जांच की। पता चला कि कोच के पहियों में ब्रेक बैंडिंग (ब्रेक जाम) हो गया था। ब्रेक के पहिया से रगड़ खाने से धुआं और चिंगारी निकल रही थीं। तकनीकी स्टाफ ने ब्रेक को सही किया और जांच के बाद ट्रेन को चलाने की अनुमति दे दी। इसके बाद शाम 5:00 बजे ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया।