आरडीसी में बदमाशों ने कारोबारी के मुनीम से लूट लिए 10 लाख
गाजियाबाद। राजनगर सेक्टर-6 में रविवार तड़के दवा कारोबारी के घर डकैती में पुलिस अभी क्लू ही तलाश रही थी कि बदमाशों ने कविनगर थानाक्षेत्र में सोमवार को एक और बड़ी लूट की वारदात कर दी। सफेद रंग की स्कूटी सवार दो बदमाश पिस्टल के बल पर घी कारोबारी के मुनीम से आरडीसी स्थित निजी बैंक के बाहर नोटों से भरा बैग लूटकर ले गए। बैग में 10 लाख रुपये थे। बताया गया कि दौलतपुरा निवासी मुनीम नितिन शर्मा रकम जमा कराने बैंक आया था। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
सोमवार सुबह हथियारबंद बदमाशों ने आरडीसी में निजी बैंक के बाहर घी कारोबारी के मुनीम से दस लाख रुपये लूट लिए। डकैती की घटना के बाद चप्पे-चप्पे पर पुलिस चेकिंग के बीच बदमाश वारदात कर आसानी से भाग गए। घटना का पता लगते ही पुलिस के होश उड़ गए और अधिकारी मौके पर दौड़ पड़े। नकाबपोश बदमाश सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं।
लालकुआं क्षेत्र में कैलाशचंद मंगला केआर फूड्स नाम की कंपनी से घी का कारोबार करते हैं। नितिन शर्मा उनकी कंपनी में मुनीम हैं। नितिन के मुताबिक, सोमवार को वह कंपनी के गोविंदपुरम निवासी चालक जोधपाल सिंह के साथ कार से आरडीसी स्थित निजी बैंक में रकम जमा कराने आए थे। सुबह करीब साढ़े 10 बजे चालक ने कार रोकी। नितिन कार से उतरे ही थे कि स्कूटी सवार दो बदमाश आ धमके। एक बदमाश स्कूटी स्टार्ट करके खड़ा रहा, जबकि दूसरा गन प्वाइंट पर नितिन से बैग लूटने की कोशिश करने लगा। नितिन ने भागकर कार में बैठने की कोशिश की, लेकिन बदमाश ने गोली मारने की धमकी देकर दस लाख रुपयों से भरा बैग छीन लिया और साथी के साथ स्कूटी पर बैठकर भाब गया। बदमाशों के जाने के बाद नितिन ने पहले कंपनी में बताया और फिर बैंक के सुरक्षा गार्ड की मदद से पुलिस को सूचना दी।
काफी देर से पीछा कर रहे थे बदमाश
नितिन का कहना है कि वह कार से उतरकर चले तो एकाएक पीछे आए नकाबपोश युवक को देखकर उन्हें शक हुआ, लेकिन वह कुछ समझ पाते, उससे पहले ही पिस्टल दिखाकर उनसे बैग लूट लिया। नितिन के मुताबिक, दोनों बदमाशों की उम्र 25-26 साल के आसपास है। उन्हें यह भी अंदेशा है कि बदमाश पहले से उनकी कार का पीछा करते आ रहे थे। रास्ते में पीछा करना और बैंक पहुंचते ही वारदात कर देना, इससे जाहिर है कि बदमाशों ने पूर्व में पूरी तैयारी कर रखी थी। साथ ही यह अंदेशा है कि वारदात में कंपनी के किसी कर्मचारी का हाथ हो। पुलिस मुनीम नितिन व चालक जोधपाल सिंह से भी पूछताछ कर रही है।
पुलिस को खुली चुनौती दे गए बदमाश
तीन दिन की छुट्टी के बाद सोमवार को सभी बैंक खुले थे। इसके चलते घी कारोबारी का मुनीम भी तीन दिन की करीब 10 लाख रुपये की रकम जमा कराने आरडीसी पहुंचा था। वहीं, तीन दिन बाद बैंक खुलने के चलते आरडीसी व अन्य स्थानों पर बैंकों के आसपास सघन चेकिंग चल रही थी। चेकिंग के बीच बेखौफ बदमाश लूट की सनसनीखेज घटना कर पुलिस को खुली चुनौती दे गए। इससे अंदेशा है कि या तो बदमाशों को पुलिस का खौफ नहीं था, या फिर पुलिस चेकिंग के नाम पर खानापूर्ति कर रही थी।
डकैती व लूट के खुलासे को लगाईं पांच टीमें
राजनगर सेक्टर-6 में दवा कारोबारी के घर डकैती के 24 घंटे बाद ही बदमाशों ने आरडीसी में 10 लाख रुपये लूट लिए। दोनों घटनाओं के खुलासे के लिए एसएसपी ने पांच टीमें लगाई हैं। वहीं, घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में स्कूटी सवार बदमाश कैद हुए हैं। हालांकि, मुंह पर नकाब होने के कारण उनकी फिलहाल पहचान नहीं हो सकी है। एसपी सिटी निपुण अग्रवाल का कहना है कि सर्विवांस टीम की मदद ली जा रही है। साथ ही मैन्युअली भी काम किया जा रहा है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर बदमाशों की तलाश की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।