कोरोना से बचने के लिए लगवाई पहली डोज
गाजियाबाद। कोरोना टीकाकरण कराने में सोमवार को उत्साह देखा गया। तीन अस्पतालों में 97 फीसदी टीकाकरण हुआ। टीकाकरण कराने में स्वास्थ्य राज्यमंत्री अतुल गर्ग, जिले के पहले एमडी फिजिशियन 92 वर्षीय डॉ. सत्यप्रकाश सहित अन्य बुजुर्गों ने टीकाकरण कराया। पहले आठ सरकारी एवं 26 प्राइवेट अस्पतालों में टीकाकरण कराया जाना था, लेकिन एहतियात के तौर पर तीन अस्पतालों में टीकाकरण हुआ, लेकिन किसी भी बुजुर्ग या बीमार में कोई गंभीर लक्षण देखने को नहीं मिला। सामान्य रूप से टीका लगने वाले स्थान पर दर्द और हल्का बुखार कुछ लोगों को हुआ। किसी भी लाभार्थी को कोई गंभीर परेशानी नहीं हुई। शाम तक 300 लाभार्थियों में से 291 ने टीकाकरण कराया।
सोमवार को जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय और सीएमओ डॉ. एनके गुप्ता ने दोपहर डेढ़ बजे जिला संयुक्त अस्पताल में टीकाकरण का निरीक्षण किया। टीका लगवाने वाले बुजुर्गों से बातचीत की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। चार मार्च को अगला टीकाकरण 143 केंद्रों पर आयोजित होगा। सोमवार को जिले में तीन केंद्रों यशोदा अस्पताल कौशांबी में 90, संयुक्त अस्पताल में 135 और महिला अस्पताल में 66 टीकाकरण किया गया। यशोदा अस्पताल में 250 रुपये का भुगतान कर लोगों ने टीकाकरण कराया।
युवाओं से अधिक बुजुर्ग जागरूक
अभी तक दो चरण के टीकाकरण में कई चक्र का अभियान चलाया गया, लेकिन इतना उत्साह युवाओं में नहीं देखा गया, जितना टीकाकरण कराने के लिए बुजुर्ग लोग उत्साहित थे। दोपहर डेढ़ बजे तक ही तीनों केंद्रों पर 150 से ज्यादा लोग टीकाकरण करा चुके थे। केंद्रों पर पहुंचने वालों में उत्साह था।
मंत्री ने की अपील
स्वास्थ्य राज्य मंत्री अतुल गर्ग ने सोमवार शाम करीब पांच बजे संयुक्त अस्पताल में पहुंच कर कोरोना का टीका लगवाया। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि कोविड का संकट अभी समाप्त नहीं हुआ है। अगर महामारी की लहर फिर से आती है तो उसके गंभीर परिणाम होंगे। हम सभी को सरकार व डॉक्टरों की बताई सावधानी का गंभीरता से पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत में निर्मित वैक्सीन को समया पर लगवाकर स्वयं व परिवार को संक्रमण से बचाएं। मंत्री ने कहा कि वैक्सीन पूरी तरह से सुरक्षित है, हम सभी को अफवाहों पर ध्यान नही देना है।
173 केंद्रों पर शुरू होगा टीकाकरण
सीएमओ डॉ. एनके गुप्ता ने बताया कि 60 वर्ष से अधिक के बुजुर्ग और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को को-वैक्सीन लगाई जा रही है। जिले में रहने वाले लगभग 4.60 लाख लोग इस श्रेणी में आएंगे। इसके लिए टीकाकरण की बड़े स्तर पर कार्ययोजना तैयार की जा रही है। सीएमओ ने बताया कि तीसरे चरण के टीकाकरण में जिले के तीन सरकारी अस्पताल, 50 नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, 20 प्राथमिक व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और करीब 70 प्राइवेट अस्पतालों में टीकाकरण की व्यवस्था की जाएगी। सरकारी अस्पताल और स्वास्थ्य केंद्रों पर निशुल्क टीकाकरण होगा, लेकिन प्राइवेट अस्पतालों को वैक्सीन लेने से पहले ही विभाग को भुगतान करन पड़ेगा। इसके बाद अब अस्पताल प्रबंधन अपने स्टॉफ और क्षमता के अनुसार सत्र आयोजित कर सकेंगे। सीएमओ ने बताया कि तीसरे चरण के अगले चक्र के लिए मंगलवार को प्रदेश सरकार की ओर से वीडियो कांफ्रेंसिंग आयोजित की जाएगी। इसके अनुसार ही कार्य योजना तैयार की जाएगी।